मध्य प्रदेश

संयुक्त समीक्षा बैठक में शेष शैक्षणिक एवं प्रशासनिक कार्य शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश

सिलवानी। पीएम श्री शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, सिलवानी में बालक जन शिक्षा केंद्र एवं कन्या जन शिक्षा केंद्र सिलवानी के अंतर्गत सभी शाला प्रभारियों की संयुक्त समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक की अध्यक्षता विकासखंड शिक्षा अधिकारी रूपेंद्र सिंह ठाकुर ने की। उन्होंने वर्तमान सत्र में शालाओं में लंबित शैक्षणिक एवं प्रशासनिक कार्यों की समीक्षा करते हुए सभी शाला प्रभारियों को निर्धारित समय-सीमा में उन्हें पूर्ण करने के निर्देश दिए।
बैठक में निशुल्क पाठ्यपुस्तक वितरण, अपार आईडी निर्माण, निशुल्क साइकिल वितरण, विद्यार्थियों की शत-प्रतिशत उपस्थिति, ईको क्लब की गतिविधियां, नव भारत साक्षरता अभियान, मध्यान्ह भोजन व्यवस्था, ड्रॉप बॉक्स, गणवेश सत्यापन, मैपिंग, “एक पेड़ मां के नाम” अभियान सहित अन्य महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। विकासखंड शिक्षा अधिकारी ने सभी प्रभारियों से शेष कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूरा करने को कहा।
इस अवसर पर विकासखंड केंद्र स्त्रोत समन्वयक सिद्दीकी जनपद शिक्षा केंद्र सिलवानी की संकुल प्राचार्य सोनल नामदेव‌ सहित सभी जन शिक्षक एवं शिक्षा विभाग के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button