विजयासन माता मंदिर में कन्या भोज का हुआ आयोजन

सिलवानी । चैत्र नवरात्र के समाप्त होने पर नगर स्थित विजयासन माता मंदिर परिसर में कन्याभोज भंडारे का आयोजन किया गया।
ज्ञात रहे कि हिदू धर्म में नवरात्र का विशेष महत्व होता है। मां दुर्गा की आराधना के लिए साल में मुख्य रूप से चार पर्व आते हैं, जिन्हें नवरात्र के नाम से जाना जाता है। इन चार नवरात्र पर्वों में दो चैत्र व शारदीय नवरात्र जबकि दो गुप्त नवरात्र होते हैं।
चैत्र नवरात्र में भक्त किसी विशेष मनोकामना के तहत देवी मां की पूजा करते हैं। इस मास में चैत्र नवरात्र 9 अप्रैल को शुरू हुए थे। 17 अप्रैल को समाप्त हुए।
मंदिर पुजारी शिव नारायण तिवारी ने बताया कि चैत्र नवरात्र में माता की विशेष पूजा-अर्चना की गई। बुधवार को हवन संपन्न हुआ । इसके पश्चात रविवार को मंदिर परिसर में कन्याभोज का आयोजन किया गया। इसमें अनेक कन्याओं ने प्रसाद ग्रहण किया। इस अवसर पर मंदिर समिति सदस्य व भक्त उपस्थित रहे।

