जन्म प्रमाण पत्र के लिए भटक रहे लोग, स्वास्थ्य केंद्र तेंदूखेड़ा की व्यवस्था पर उठे सवाल

ब्यूरो चीफ : भगवत सिंह लोधी
तेंदूखेड़ा। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तेंदूखेड़ा में जन्म प्रमाण पत्र बनवाने पहुंचे लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि स्वास्थ्य केंद्र में पदस्थ डाटा एंट्री ऑपरेटर नितिन खरे समय पर नहीं आते, जबकि सीएचओ के भी नियमित रूप से अनुपस्थित रहने से काम प्रभावित हो रहा है।
दूर-दराज के ग्रामीण अंचलों से आने वाले लोगों ने बताया कि जन्म प्रमाण पत्र बनवाने के लिए उन्हें बार-बार स्वास्थ्य केंद्र के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं। ग्रामीणों के अनुसार कई बार सुबह से इंतजार करने के बाद भी संबंधित कर्मचारी नहीं पहुंचते और दोपहर करीब 1 बजे के बाद आते हैं। वहीं सप्ताह में दो-तीन दिन तो कर्मचारी के नहीं आने की भी शिकायत सामने आई है।
लोगों का कहना है कि आर्थिक और समय की परेशानी झेलते हुए उन्हें बार-बार तेंदूखेड़ा आना पड़ रहा है, जिससे आमजन में नाराजगी बढ़ती जा रही है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि इस संबंध में शिकायतें भी की गईं, लेकिन तेंदूखेड़ा बीएमओ द्वारा अब तक कोई ठोस ध्यान नहीं दिया गया।
ग्रामीणों ने स्वास्थ्य विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों से मांग की है कि स्वास्थ्य केंद्र की व्यवस्थाओं में सुधार किया जाए तथा कर्मचारियों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित कर आम लोगों को राहत दिलाई जाए।



