क्राइम

महिला की संदिग्ध अवस्था में मिली लाश, क्षेत्र में फैली सनसनी

सिलवानी । शुक्रवार को जहां एक ओर पूरा देश आजादी का जश्न मना रहा था वही दूसरी ओर बमहोरी थाना क्षेत्र के ग्राम दिल्हारी में उस समय हड़कंप मच गया जब ग्रामीणों को एक खलिहान से तेज बदबू आने की जानकारी मिली। जानकारी के अनुसार ग्राम के ही गुलाब रजक के खलिहान में पचपन वर्षीय महिला मुन्नीबाई पति लक्ष्मीनारायण रैकवार की लाश संदिग्ध परिस्थिति में पड़ी मिली।
ग्रामवासियों द्वारा बदबू की शिकायत पर जब आसपास खोजबीन की गई, तो खलिहान में शव दिखाई दिया। तत्काल इसकी सूचना बमहोरी पुलिस को दी गई।
पुलिस थाना प्रभारी प्रीतम सिंह राजपूत मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। पुलिस ने बताया कि प्रथम दृष्टया लाश पांच से छह दिन पुरानी है।
पुलिस ने मृतका की पहचान मुन्नीबाई रैकवार के रूप में की और शव को पोस्टमार्टम के लिए सिलवानी सिविल अस्पताल भेजा गया। लाश पुरानी और संदिग्ध अवस्था में होने पर डॉक्टर ने शव को पोस्टमार्टम हेतु भोपाल रैफर कर दिया। फिलहाल मौत के कारणों का खुलासा नहीं हो पाया है। और महिला की हत्या की आशंका व्यक्त की जा रही है, पुलिस मामले की सूक्ष्मता से जांच में जुटी है।
ज्ञातव्य हो कि बारह अगस्त को संदीप रैकवार को अपनी ही नाबालिग सौतेली बेटी के साथ दुष्कृत्य के मामले में गिरफ्तार किया गया था। घटना के कुछ दिन पहले से गायब थी मृतिका मुन्नीबाई रैकवार उक्त घटना के आरोपी संदीप रैकवार की मां है।

Related Articles

Back to top button