तीर्थ दर्शन और कार्तिक स्नान करके लौट रहे श्रद्धालुओं से भरी ट्रैक्टर ट्राली पलटी, तीन की मौके पर मौत

रिपोर्टर कुंदनलाल चौरसिया
गौरझामर । गौरझामर थाना अंतर्गत नीम घाटी के पास रविवार को भीषण सड़क हादसा हो गया। यहां श्रद्धालुओं से भरी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में 3 लोगों की मौत होने की प्रारंभिक जानकारी सामने आई है, एवं एक सीरियस है जबकि 34 से अधिक लोग घायल बताए जा रहे हैं। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।
जानकारी के अनुसार सागर जिले के बांदरी के पास स्थित ग्राम गड़ौला गोसाई के ग्रामीण बरमान घाट से दर्शन कर अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान नीम घाटी के पास ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर पलट गई। ट्रॉली में बड़ी संख्या में ग्रामीण सवार थे। हादसे में कई लोग ट्रॉली के नीचे दब गए, जबकि अन्य लोग सड़क पर गिरकर घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। घायलों को तत्काल देवरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है। गंभीर रूप से घायल करीब 20 लोगों को बेहतर उपचार के लिए सागर के बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज रेफर किए जाने की तैयारी की जा रही है।
बताया जा रहा है कि हादसे में मृतक और घायल सभी लोग एक ही गांव के रहने वाले हैं।
घटना के बाद गांव में मातम का माहौल है।



