अटल ज्योति योजना में बड़ा खेल? गांव से एक किलोमीटर दूर वीराने में लगाया 100 केवी का ट्रांसफार्मर

ग्रामीणों ने विद्युत विभाग और ठेका कंपनी पर मिलीभगत के लगाए आरोप, शासकीय राशि के दुरुपयोग की जांच की मांग
ब्यूरो चीफ : शब्बीर अहमद
बेगमगंज । सरकारी योजनाओं का उद्देश्य ग्रामीणों को सुविधा देना है, लेकिन जब योजना का ट्रांसफार्मर ही गांव से एक किलोमीटर दूर वीराने में लगा दिया जाए तो सवाल उठना लाजिमी है।
मामला रायसेन जिले के बेगमगंज क्षेत्र के ग्राम महुआखेड़ा खुर्द का है। यहां अटल ज्योति योजना के तहत लगाया गया 100 केवी का ट्रांसफार्मर गांव की आबादी से करीब एक किलोमीटर दूर सुनसान खेतों में स्थापित किया गया है।
ग्रामीणों का आरोप है कि विद्युत विभाग के अधिकारियों और अफसोर कंपनी प्राइवेट लिमिटेड के ठेकेदार की कथित मिलीभगत से एक रसूखदार किसान को लाभ पहुंचाने के लिए ट्रांसफार्मर आबादी से दूर लगाया गया। ग्रामीणों ने सवाल उठाया कि जब योजना गांव की बिजली व्यवस्था सुधारने के लिए थी, तो ट्रांसफार्मर गांव से इतनी दूर क्यों लगाया गया? उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर शासकीय राशि के दुरुपयोग और जिम्मेदारों की भूमिका उजागर करने की मांग की है।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि उचित कार्रवाई नहीं होने पर आंदोलन किया जाएगा।
वहीं विद्युत विभाग के जेई नीरज गुप्ता ने मामले की जांच कराने की बात कही है। उनका कहना है कि यदि जांच में ट्रांसफार्मर नियम विरुद्ध स्थान पर लगा पाया गया तो उसे वहां से हटवाया जाएगा।
अब सवाल यह है कि अटल ज्योति योजना के नाम पर हुए इस कार्य की जांच कब होगी और क्या जिम्मेदारों पर कार्रवाई की जाएगी?



