महिलाओं ने रस्साकशी मैच में दिखाया दम, फुटबाल में भी दिखाए खेल के जौहर…
रिपोर्टर : शिवलाल यादव
रायसेन । भारत सरकार द्वारा चलाए जा रहे अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस 10 मार्च से 20 मार्च तक “दस का दम” कार्यक्रम के अंतर्गत जिला खेल परिसर स्टेडियम रायसेन में जिला खेल और युवा कल्याण विभाग रायसेन द्वारा महिला फुटबॉल मैच एवं रस्साकशी महिला मैच के आयोजन हुए । जिसमें महिला खिलाड़ियों ने रस्साकशी और फुटबाल मैच में दिखाया दम।इनमें नगर पालिका अध्यक्ष सविता जमुना सेन ने कार्यक्रम की अध्यक्षता करते महिला खिलाड़ियों को आशीष वचन देकर प्रोत्साहित किया।इस अवसर पर जिला खेल और युवा कल्याण अधिकारी जलज चतुर्वेदी के द्वारा सभी महिला खिलाड़ियों का जिला खेल और युवा कल्याण विभाग की ओर से फूलों के गुलदशते देकर स्वागत किया गया। गर्ल्स स्कूल के पीटीआई ओमकारसिंह राठौर, जिला फुटबॉल प्रशिक्षक वीएस बुंदेला, एवं प्रियंक शिंदे, दिनेश दिवाकर ताइक्वांडो प्रशिक्षक ने ऑफिशियल कार्य करते हुए उपस्थित रहे। इस प्रतियोगिता में , फुटबॉल में 4 टीमो ने भाग लिया।
जिसमें जिला फुटबाल प्रशिक्षण केंद्र रायसेन की महिला टीम विजेता, स्वामी विवेकानंद कॉलेज की टीम उपविजेता रही इसी प्रकार रस्साकशी प्रतियोगिता में 6 टीमों ने भाग लिया जिसमें शासकीय कन्या महाविद्यालय रायसेन की टीम विजेता बनीं। पुलिस ताइक्वांडो क्लब रायसेन की टीम उपविजेता रही। सभी खिलाड़ियों को नपाध्यक्ष सविता जमुना सेन और जिला खेल और युवा कल्याण अधिकारी जलज चतुर्वेदी के द्वारा पुरस्कार प्रदान किए गए।



