जिला पंचायत का प्रथम सम्मिलन तथा शपथ ग्रहरण समारोह सम्पन्न
रायसेन में हर घर तिरंगा…… गीत का किया गया विमोचन
रायसेन । कलेक्ट्रेट कार्यालय परिसर में जिला पंचायत रायसेन का प्रथम सम्मिलन एवं नवनिर्वाचित जिला पंचायत अध्यक्ष, उपाध्यक्ष तथा सदस्यों का शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया गया। जिसमें जिला पंचायत अध्यक्ष यशवंत बब्लू मीणा, उपाध्यक्ष श्रीमती सुंदरबाई राजपूत सहित जिला पंचायत के सभी सदस्यों को सीईओ जिला पंचायत पीसी शर्मा द्वारा शपथ दिलाई गई।
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष मीणा द्वारा रायसेन जिले में हर घर तिरंगा अभियान के प्रचार-प्रसार हेतु कलेक्टर अरविंद दुबे के निर्देशन में जिला प्रशासन द्वारा तैयार कराए गए गीत जय जय जय तिरंगा…. रायसेन में… हर घर तिरंगा…… का विमोचन भी किया गया। इस गीत को सीईओ जिला पंचायत शर्मा द्वारा लिखा गया है तथा संगीतकार सतीश शर्मा है। इस गीत का गायन राजू राव एवं संजना द्वारा किया गया है। जिला पंचायत अध्यक्ष मीणा द्वारा गायक राजू राव तथा संगीतकार सतीश शर्मा को शाल, श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर स्वच्छ भारत मिशन के जिला समन्वयक विनोद बघेल सहित अन्य अधिकारी, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ जयप्रकाश किरार, भंवरलाल पटेल तथा जनप्रतिनिधि भी उपस्थित रहे।



