मां रेवा में डुबकी लगाने मात्र से होती है मोक्ष की प्राप्ति : पंडित नरहरी प्रसाद शास्त्री
रिपोर्टर : डालचंद लोधी
देवरी । रायसेन जिले की उदयपुरा तहसील की ग्राम पंचायत नरहैरा में चल रही संगीतमय नर्मदा पुराण कथा में कथावाचक पंडित नरहरी प्रसाद शास्त्री ने भक्तों को अपनी मंगलमयी वाणी का रसास्वादन कराते हुए बताया कि मां नर्मदा में डुबकी लगाने मात्र से मोक्ष की प्राप्ति होती है। कथा का आयोजन हनुमतसिंह लोधी के बड़े भाई रमेश लोधी की परिक्रमा पूर्ण होने के उपलक्ष्य में ग्राम नरहैरा में नर्मदा तट पर पंडित नरहरी प्रसाद शास्त्री के मुखारविंद से की जा रही है। जिसमें बड़ी संख्या में कथा श्रवण करने के लिए श्रद्धालु पहुंच रहे हैं पंडित हरिप्रसाद शास्त्री के सानिध्य में नर्मदा पुराण कथा में लोगों को नर्मदा के अनेक घाटों का प्रसंग सुनने को मिल रहा हैं एवं गूढ़ रहस्यमई कथा लोगों को श्रवण कराई जा रही है। पंडित नरहरिप्रसाद शास्त्री ने कहा कि जिस व्यक्ति के मन में संतों की सेवा करने की ललक होती है वही संतों की सेवा कर पाता है ऐसे लोगों पर संतों का हमेशा आशीर्वाद बना रहता है । कथा दोपहर 1 बजे शाम 4 बजे तक श्रवण कराई जाती है कथा का शुभारंभ 25 दिसंबर को हुआ तथा समापन 31 दिसंबर को पूर्णाहुति कन्या भोज एवं भंडारे के साथ होगा कथा श्रवण करने के लिए आसपास के ग्राम खाड़ोन, भाड़ोन, सिमरिया, उड़िया के श्रद्धालु हजारों की संख्या में पहुंच रहे हैं।



