युवती शादी के लिए बना रही थी दबाब, प्रेमी ने गला काटकर मौत के घाट उतारा

रिपोर्टर : तारकेश्वर शर्मा
गुना। गुना जिले के धरनावदा थानांतर्गत कर्माखेड़ी रुठियाई निवासी युवती की मौत के मामले में पुलिस ने प्रेमी पर हत्या का मामला दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार युवती लगातार प्रेमी पर शादी का दबाव बना रही थी जिससे परेशान होकर उसने युवती के घर पर ही युवती का गला घोंटकर हत्या कर दी। धरनावदा थाना प्रभारी गोपाल चौबे ने बताया कि विगत 5 नवंबर को किरण अहिरवार का शव उसके ही घर पर पलंग पर मृत अवस्था में मिला था। जिस पर परिजनों की सूचना पर पुलिस ने शव का पीएम कराया। पीएम रिपोर्ट में गला घोंटकर हत्या करने का मामला सामने आया है। जिसके बाद पुलिस ने आरोपी प्रेमी सूजर ढीमर के खिलाफ धारा 302, 201 एवं अजा अजजा नृशंसता निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया। पुलिस के अनुसार 5 नवंबर को रामभरोसा अहिरवार एवं उनके पत्नी सुगनबाई रूगनाथपुरा में गमी होने पर गए थे जब घर वापस आकर लौटे तो उनकी बेटी पलंग पर मृत पड़ी थी। जिसके गले में निशान दिख रहे थे। इस बारे में मृतिका के परिजनों का कहना था दोपहर 12 बजे के करीब सूरज ढीमर को घर के अंदर जाते हुए देखा था। वहीं दोपहर 1 बजे वह मृत मिला। इस मामले में पुलिस ने पीएम रिपोर्ट आने के बाद मामला हत्या का होने पर आरोपी प्रेमी को गिरफ्तार किया है। टीआई चौबे के अनुसार मामला लंबे समय से चले आ रहे प्रेम प्रसंग का था जिसमें युवती आरोपी पर लगातार शादी का दबाव बना रही थी। इसी से परेशान होकर उसने युवती की हत्या कर दी।



