युवाओं के लिये मोबाइल चुनाव के दौरान बहुत ही महत्वपूर्ण उपकरण
सी-विजिल ऐप तीसरी आँख के समान इसे डाउनलोड करें-प्रेक्षक डॉ डी. साजिथ बाबू
ब्यूरो चीफ : भगवत सिंह लोधी
दमोह । जिले दमोह भारत निर्वाचन आयोग द्वारा दिये गये निर्देशों के तहत आज शासकीय ज्ञानचंद श्रीवास्तव महाविद्यालय में विधानसभा निर्वाचन 2023 के लिये निर्वाचन आयोग द्वारा नियुक्त सामान्य प्रेक्षक डॉ डी. साजिथ बाबू ने सी-विजिल एप के संबंध में छात्र-छात्राओं से चर्चा की । इस अवसर पर सीईओ जिला पंचायत एवं नोडल अधिकारी स्वीप अर्पित वर्मा, एसडीएम पथरिया निकेत चौरसिया, महाविद्यालय के प्राचार्य एवं सहायक नोडल नोडल अधिकारी के.पी अहिरवार मौजूद थे।प्रेक्षक डॉ डी.साजिथ बाबू ने महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं से कहा निर्वाचन आयोग के माध्यम से विधानसभा चुनाव कराया जा रहा है, 17 नवम्बर को मतदान होगा। मध्य प्रदेश में एक सर्वे के माध्यम से पता चला है कि यहां पर 89.6 प्रतिशत लोगों के पास मोबाइल फोन है, इस फोन के माध्यम से आप जो यहां हो रहा है, उसको कंट्रोल कर सकते हैं, चुनाव से संबंधित जो भी गलत गतिविधियां हो रही हैं, उसको रोकने के लिए एक सी-विजिल ऐप है, जिसको आप मोबाइल पर डाउनलोड कर सकते हैं, उसके माध्यम से आप लोग उन गतिविधियों से प्रशासन को अवगत करा सकते हैं। आप सभी युवाओं के लिए मोबाइल, चुनाव के दौरान बहुत ही महत्वपूर्ण उपकरण है। शिकायत पर 100 मिनिट में कार्यवाही होगी और नाम गुप्त रखा जायेगा। उन्होंने कहा सी-विजिल की मदद से आप सबके सहयोग से एक अच्छी सरकार चुनने में मदद कर सकेंगे। इस अवसर पर जनसंपर्क अधिकारी वाई.ए.कुरैशी ने अंग्रेजी भाषा का अनुवाद करने में अपनी भूमिका निभाई।मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत एवं नोडल अधिकारी स्वीप अर्पित वर्मा ने कहा मतदान के लिए किसी प्रकार का लालच या लोभ दिया जाता है या कोई ऐसी गतिविधि की जाती है जो मान्य नहीं है, ऐसी चीजें चुनाव में नहीं होनी चाहिये, इन्हें चेक करने और रोकने के लिए सी-विजिल एप बनाया गया है, जिसको आप सभी डाउनलोड करें और अपने फ्रेंड सर्कल में भी सभी से कहें कि इसको डाउनलोड करें। यह बहुत ही सरल ऐप है, इसी में आप फोटो खींच सकते है, जीपीएस ऑन रहती है, तो लोकेशन अपने आप ले लेता है। यदि किसी भी प्रकार की शिकायत लगती है, तो आप सी-विजिल एप के माध्यम से कर सकते है। क्योंकि युवा होने के नाते आपकी कुछ जिम्मेदारियां भी हैं, आपको यह एहसास होना चाहिए कि मतदान बहुत जरूरी है और कीमती भी है। उन्होंने कहा आप अपने मताधिकार को समझिए कि आप देश को आगे बढ़ाने में आपका कितना योगदान है, आपका एक-एक वोट इतना कीमती है, आप इससे समझ सकते हैं कि जब चुनाव का समय आता है तब अभ्यर्थी लोग कितना प्रचार-प्रसार और कितने मेहनत करते हैं। आप सभी सी-विजिल एप को डाउनलोड करें और कहीं भी किसी भी प्रकार से आपको ऐसा लगता है कि ऐसा नहीं होना चाहिए, गलत हो रहा है उसकी शिकायत करें, क्योंकि हमारी टीम्स सभी जगहों पर है। शासन-प्रशासन पूरा प्रयास करता है कि चुनाव निष्पक्ष और निर्भीक हो, इसके लिए सी-विजिल ऐप लाया गया है, यह तीसरी आंख के समान है, जो हर जगह नजर रख सकता है, क्योंकि आप युवा हमारे आंख और कान बन चुके हैं, यदि आप इस चीज को प्रमोट करेंगे और थोड़ा सा इसे चेक करेंगे तो बहुत ही आसान है इस एप को चलाना।



