विकास के साथ जनसरोकार, जनसेवा के काम भी कर रही है सरकार : विधायक रामपालसिंह
सिलवानी विधायक ने एक करोड़ 30 लाख रू से अधिक राशि के कार्यो का किया शिलान्यास
रिपोर्टर : मदन वर्मा
बम्होरी । विकास यात्रा के अठाहरवें दिन सिलवानी विधानसभा के ग्राम पड़रियाकलां में विधायक रामपालसिंह द्वारा कन्यापूजन और दीप प्रज्जवलन कर विकास यात्रा का शुभारंभ किया गया। उन्होंने विकास यात्रा के दौरान एक करोड़ 30 लाख रू से अधिक राशि के विकास कार्यो का शिलान्यास किया। ग्राम पडरिया कलां से प्रारंभ होकर विकास यात्रा गगनवाडा, सियलवाडा, रमपुरा सहित अन्य ग्रामों में पहुंची। विधायक रामपालसिंह राजपूत ने अनेक हितग्राहियों को विभिन्न योजनाओं के हितलाभ वितरित किए। साथ ही स्व-सहायता समूहों की महिलाओं को प्रोत्साहन राशि के चेक वितरित किए।
विकास यात्रा के दौरान विधायक रामपालसिंह ने ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान के नेतृत्व में सरकार द्वारा विकास कार्यो के साथ-साथ जनसरोकार, जनसेवा से जुड़े कार्य किए जा रहे हैं। यह सरकार सबका साथ, सबका विकास, सबका कल्याण के उद्देश्य को लेकर काम कर रही है। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत गरीबों के पक्के मकान बनवाए जा रहे हैं। आयुष्मान भारत योजना में निजी अस्पताल में हर साल पांच लाख रू तक निःशुल्क इलाज की सुविधा दी जा रही है। सड़कों, गौशालाओं, सामुदायिक भवनों, आंगनवाड़ी भवनों का निर्माण कराया जा रहा है। हर गॉव में जल जीवन मिशन के तहत प्रत्येक घर में नल के माध्यम से पानी उपलब्ध कराया जा रहा है।
विधायक रामपाल सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री चौहान हर वर्ग के लिए विकास की योजनाएं चला रहे हैं। पहले समाज में बेटी को बोझ समझा जाता था, बेटी के जन्म लेते ही उसके विवाह की चिंता होने लगती थी। अब जब बेटी जन्म लेती है तो खुशियां मनाई जाती हैं कि घर में लाड़ली लक्ष्मी है। यह बदलाव लाने का काम मुख्यमंत्री लाड़ली लक्ष्मी योजना ने किया है। इस योजना ने माता-पिता को बेटी की शिक्षा और उसके विवाह की चिंता से मुक्त कर दिया है। बेटियों के लिए शिक्षा की राह खोली है। अब लाड़ली लक्ष्मी योजना-2 भी शुरू की गई है, जिसमें बेटियों को कॉलेज की शिक्षा के लिए 25 हजार रू की सहायता दी जाती है।
ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कहा कि विधायक श्री सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान द्वारा अब लाड़ली बहना योजना शुरू की जा रही है, जिसमें बहनों को हर महीने एक-एक हजार रूपए मिलेंगे। इसके अलावा मुख्यमंत्री कन्यादान योजना चलाई जा रही है, जिसमें गरीब परिवार की बेटियों के विवाह के लिए सरकार द्वारा आर्थिक मदद की जाती है। उन्होंने कहा कि स्व-सहायता समूहों के माध्यम से महिलाओं को रोजगार से जोड़ने का काम भी हमारी सरकार ने किया है। आज महिलाएं स्व-सहायता समूहों से जुड़कर आत्मनिर्भर बन रही है। समूह की महिलाएं नल जल योजनाओं का संचालन कर रही हैं, उपार्जन केन्द्र चला रही हैं, बैंक सखी का काम कर रही हैं। इसके अलावा विभिन्न उत्पादों का निर्माण कर सफल उद्यमी बन रही है। स्व-सहायता समूहों से जुड़ीं अनेक महिलाओं ने देश-प्रदेश में अपनी पहचान बनाई है। उन्होंने प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, मुख्यमंत्री किसान कल्याण योजना, पथ विक्रेता योजना, संबल कार्ड, स्वरोजगार योजनाओं सहित अन्य कल्याणकारी योजनाओं का भी उल्लेख किया।
एक करोड़ 30 लाख रू से अधिक राशि के कार्यो का किया शिलान्यास
विधायक रामपालसिंह राजपूत ने ग्राम पड़रियाकलां में आयोजित कार्यक्रम में ग्राम सिंहपुर में राशि 43.35 लाख, ग्राम खैरी में राशि 50.57 लाख से स्वीकृत विकास कार्यों का शिलायन्स किया। ग्राम सियलवाड़ा में आयोजित कार्यक्रम के दौरान करतौली में राशि 38.63 लाख से स्वीकृत नल जल प्रदाय योजना का शिलान्यास किया।
इस अवसर पर सिलवानी जनपद पंचायत अध्यक्ष ठा. तरवरसिंह, जनपद सदस्य प्रतिनिधि मदनगोपाल वर्मा, कुंडाली शक्ति केंद्र प्रभारी लक्ष्मण लोधी, पंकज शर्मा, तेजसिंह लोधी, हर्षित साहू, कृष्णकांत आचार्य भाजपा मंडल अध्यक्ष विजय शुक्ला सहित पदाधिकारीगण, अधिकारीगण एवं स्थानीय जन उपस्थित रहे।




