21 केंचुआ शेड में शुरू होगा जैविक खाद का उत्पादन, किसानों को मिलेगा लाभ

रिपोर्टर : सतीश चौरसिया
उमरियापान । कटनी जिले के विकासखंड बहोरीबंद अंतर्गत ग्राम बाकल के समीप स्थित ग्राम सिंहुड़ी में उन्नतशील कृषक शंकर महतो द्वारा बड़े पैमाने पर केंचुआ खाद निर्माण इकाई स्थापित की गई है । इसके लिए उन्होंने 21 केंचुआ शेड का निर्माण कराया है ।
इकाई में गोबर एवं कृषि अपशिष्ट को एकत्रित कर करीब एक सप्ताह तक पानी डालकर ठंडा किया गया । इसके बाद जैविक कृषि विशेषज्ञ रामसुख दुबे की उपस्थिति एवं मार्गदर्शन में कृषक शंकर महतो ने केंचुआ डालकर खाद निर्माण कार्य का विधिवत शुभारंभ किया । इस अवसर पर क्षेत्र के कृषक भी उपस्थित रहे ।
इस इकाई के शुरू होने से आसपास के किसानों को भी जैविक खाद उपलब्ध कराने और जैविक खेती के प्रति जागरूक करने में मदद मिलेगी । गोबर एवं कचरे का उपयोग केंचुआ खाद बनाने में किया जाएगा, जिससे कृषि अपशिष्ट का सदुपयोग होगा । विशेषज्ञ रामसुख दुबे ने बताया कि जीरो बजट फार्मिंग एवं कम लागत वाली तकनीकों को अपनाकर किसान खेती का खर्च कम कर सकते हैं । इससे रासायनिक खादों पर निर्भरता घटाने, मिट्टी की उर्वरता बनाए रखने और उत्पादन बढ़ाने की दिशा में सहायता मिलेगी ।



