जन अभियान परिषद के बीएसडब्ल्यू एवं एमएसडब्ल्यू विद्यार्थियों ने मनाई जयंती, उनके योगदान को किया याद

सिलवानी। मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद विकासखंड सिलवानी, जिला रायसेन द्वारा संचालित मुख्यमंत्री सामुदायिक नेतृत्व क्षमता विकास कार्यक्रम के अंतर्गत बीएसडब्ल्यू एवं एमएसडब्ल्यू कक्षाओं के विद्यार्थियों द्वारा शासकीय महाविद्यालय में भगवान बिरसा मुंडा की जयंती जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाई गई। इस अवसर पर भगवान बिरसा मुंडा के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया गया। साथ ही समाज के उत्थान, आर्थिक, धार्मिक एवं सामाजिक क्षेत्र में उनके योगदान और संघर्षों को याद किया गया।
कार्यक्रम में समाजसेवी देवेंद्र लोधी ने भगवान बिरसा मुंडा के जीवन पर प्रकाश डालते हुए कहा कि उन्होंने अंग्रेजी हुकूमत द्वारा जनजातीय समाज पर किए जा रहे अत्याचारों का पुरजोर विरोध किया। उन्होंने आदिवासी समाज की संस्कृति, परंपराओं और धार्मिक पहचान की रक्षा के लिए संघर्ष किया। अंग्रेजों द्वारा धर्मांतरण के प्रयासों तथा आदिवासी समाज की जमीनों पर कब्जा करने की नीतियों के खिलाफ उन्होंने आवाज बुलंद की। समाज में जागरूकता और स्वाभिमान की भावना विकसित करने के लिए उन्होंने व्यापक आंदोलन चलाए।
उन्होंने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा के नेतृत्व में जनजातीय समाज संगठित हुआ और अपने अधिकारों के प्रति जागरूक बना। उनकी बढ़ती लोकप्रियता और अंग्रेजी शासन के विरुद्ध संघर्ष से घबराकर अंग्रेजों ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया। उनका जीवन संघर्ष, साहस और समाज के प्रति समर्पण का अनुपम उदाहरण है।
इस अवसर पर विकासखंड समन्वयक वीरेंद्र यादव ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि भगवान बिरसा मुंडा जनजातीय समाज के गौरव और अमर बलिदानी हैं। देश की स्वतंत्रता, समाज के स्वाभिमान और अधिकारों की रक्षा के लिए उनके द्वारा किया गया संघर्ष सदैव स्मरणीय रहेगा। उनके आदर्श आज भी युवाओं को समाज सेवा, नेतृत्व क्षमता और राष्ट्रहित में कार्य करने की प्रेरणा देते हैं।
कार्यक्रम में समस्त मेंटर्स सहित बीएसडब्ल्यू एवं एमएसडब्ल्यू के छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।



