जर्जर मंदिर के जीर्णोद्धार एवं छत निर्माण को लेकर विहिप-बजरंग दल ने विधायक को सौंपा ज्ञापन

शीघ्र कार्य शुरू कराने का मिला आश्वासन
रिपोर्टर : सतीश चौरसिया
उमरियापान। नगर के मचखंडा मोहल्ला स्थित प्राचीन हनुमान मंदिर की जर्जर स्थिति को देखते हुए मंदिर के नवीन निर्माण एवं छत निर्माण की मांग तेज हो गई है । इसी संबंध में शनिवार को विश्व हिंदू परिषद एवं बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने क्षेत्रीय विधायक धीरेंद्र बहादुर सिंह से मुलाकात कर उन्हें ज्ञापन सौंपा और मंदिर के निर्माण कार्य को शीघ्र प्रारंभ कराने की मांग की ।
ज्ञापन के माध्यम से कार्यकर्ताओं ने विधायक को अवगत कराया कि मचखंडा मोहल्ला स्थित हनुमान मंदिर क्षेत्र के श्रद्धालुओं की आस्था का प्रमुख केंद्र है। यहां प्रतिदिन श्रद्धालु भगवान हनुमान के दर्शन एवं पूजा-अर्चना के लिए पहुंचते हैं । लेकिन लंबे समय से मंदिर की स्थिति जर्जर होने के कारण श्रद्धालुओं को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है । मंदिर में पर्याप्त छत एवं अन्य आवश्यक निर्माण कार्य नहीं होने से विशेष रूप से बारिश के मौसम में दर्शन-पूजन करने आने वाले भक्तों को असुविधा होती है ।
कार्यकर्ताओं ने कहा कि मंदिर केवल पूजा-अर्चना का स्थान नहीं, बल्कि क्षेत्र के लोगों की धार्मिक आस्था और श्रद्धा से जुड़ा हुआ है । ऐसे में मंदिर का व्यवस्थित एवं सुंदर निर्माण कराया जाना आवश्यक है । उन्होंने विधायक से मंदिर का नवीन निर्माण कराने के साथ ही छत निर्माण कार्य को प्राथमिकता से स्वीकृत कर शीघ्र शुरू कराने का आग्रह किया, ताकि श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधा मिल सके ।
कार्यकर्ताओं की मांग एवं मंदिर की स्थिति को गंभीरता से सुनते हुए विधायक धीरेंद्र बहादुर सिंह ने मंदिर के नवीन निर्माण कार्य को शीघ्र प्रारंभ कराने का आश्वासन दिया । विधायक के आश्वासन के बाद कार्यकर्ताओं ने उम्मीद जताई कि जल्द ही मंदिर निर्माण की दिशा में ठोस पहल होगी और श्रद्धालुओं को बेहतर धार्मिक स्थल की सुविधा मिल सकेगी।
इस अवसर पर बजरंग दल के जिला सह संयोजक कान्हा सोनी, ढीमरखेड़ा प्रखंड उपाध्यक्ष राकेश त्रिपाठी, सत्संग प्रमुख गोलू सोनी, मुकेश गुप्ता सहित विश्व हिंदू परिषद एवं बजरंग दल के अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे ।



