मध्य प्रदेश

विधायक रामपाल सिंह ने करहौला में किया विकास यात्रा का शुभारंभ, 65 लाख रू के विकास कार्यो का किया शिलान्यास

ब्यूरो चीफ : शब्बीर अहमद
बेगमगंज । विकास यात्रा के छटवें दिन सिलवानी विधानसभा क्षेत्र के ग्राम करहौला में विधायक रामपाल सिंह द्वारा कन्यापूजन और दीप प्रज्वलन कर विकास यात्रा का शुभारंभ किया। शुक्रवार को विकास यात्रा करहौला से प्रारंभ होकर ग्राम करहौला, चांदबड़, खानपुर, ढाड़िया, पलोहा, बर्री, विनायकपुर आदि ग्रामों में पहुंची। जगह-जगह ग्रामीणों मे़ विकास यात्रा को लेकर उत्साह देखने को मिला तथा उनके द्वारा पुष्प वर्षा कर विधायक श्री सिंह तथा यात्रा का स्वागत किया गया। विधायक सिंह ने विकास यात्रा के दौरान लगभग 65 लाख रू के विकास कार्यो का भूमि पूजन किया। साथ ही ग्रामीणों को विभिन्न योजनाओं के हितलाभ वितरित किए।
विकास यात्रा कार्यक्रमों में सिलवानी विधायक रामपाल सिंह ने कहा कि हमारे यशस्वी मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के नेतृत्व में प्रदेश लगातार प्रगति के पथ पर तेजी से अग्रसर है। सरकार प्रत्येक वर्ग को साथ लेकर, उनके विकास और कल्याण के लिए काम कर रही है। विकास के अनेक मामलों में प्रदेश, देश में पहले स्थान पर है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के साथ साथ सिलवानी विधानसभा क्षेत्र में तेजी से विकास कार्य किए गए हैं। गॉव-गॉव में सड़कों का जाल बिछाकर मुख्य मार्गो से जोड़ा गया है, इससे आवागमन में सुविधा होने के साथ ही विकास को गति मिली है।
विधायक रामपालसिंह ने कहा कि जब वह राजस्व मंत्री थे, किसानों के लिए अनेक महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। किसान की करंट लगने या सर्पदंश से मृत्यु होने पर पचास हजार रू को बढ़ाकर चार लाख रू की आर्थिक सहायता देने का प्रावधान किया गया, जिससे कि पीड़ित किसान परिवार को मदद मिल सके। इसके अलावा पहले जरीबों से नफती होती थी, जिसकी जगह मशीनों से नपती कराने का काम किया गया। सिंचाई के रकबे में भी लगातार वृद्धि की जा रही है और बिजली भी पर्याप्त मात्रा में मिल रही है। फसलों के समर्थन मूल्य में भी हर साल वृद्धि की जा रही है।
मुख्यमंत्री चौहान के नेतृत्व में पहले मुख्यमंत्री जनसेवा अभियान और अब विकास यात्रा निकालकर गॉवों और नगरों में जरूरतमंदों के पास जाकर कल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिया जा रहा है। विधायक रामपाल सिंह ने बुजुर्ग दिव्यांग महिला एवं बुजुर्ग आदिवासी का सम्मान किया।
इस दौरान नगर पालिका अध्यक्ष संदीप लोधी, ग्रामीण मंडल अध्यक्ष जगदीश लोधी, नगर मंडल अध्यक्ष कमलसिंह साहू, सुरेश ताम्रकार, सुदर्शन घोसी, भगवानसिंह सोलंकी, अजयसिंह जाट सहित ग्रामीण जन एवं प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button