श्रीराम जन्मभूमि प्राण प्रतिष्ठा समारोह की उपलक्ष में भव्य अक्षत कलश यात्रा संपन्न
ब्यूरो चीफ : शब्बीर अहमद
बेगमगंज । अयोध्या में भव्य राम मंदिर निर्माण कार्य अपने आखिरी चरणों में है, साथ ही 22 जनवरी 2024 को भव्य मंदिर में श्री राम लाल विराजमान होंगे एवं प्राण प्रतिष्ठा समारोह धार्मिक अनुष्ठानों के साथ संपन्न होगा। इसी तारतम्य में श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ न्यास क्षेत्र द्वारा संपूर्ण भारतवर्ष में अक्षत कलश भेजे गए हैं जिनके द्वारा सर्व सनातन समाज तक घर-घर तक पहुंच कर निमंत्रण हेतु पीले चावल दिए जा रहे हैं एवं 22 जनवरी के बाद अयोध्या आगमन के लिए निमंत्रण दिया जा रहा है। इसी तारतंभ में नगर की महाराणा प्रताप बस्ती वार्ड 17 व 18 श्याम नगर, रामनगर, अयोध्या बस्ती, वसुंधरा बिहार कालोनी के लिए अक्षत कलश यात्रा नगर के दशहरा मैदान मंदिर से प्रारंभ हुई जिसमें सनातन समाज के धर्म प्रेमी बंधुओं के साथ- साथ महिलाएं एवं बाल कन्याएं प्रधान कलश एवं अन्य कलश लेकर साथ में चल रहीं थीं।
यात्रा के मार्ग पर नगर वासियों के द्वारा जगह- जगह पूजन, पुष्प वर्षा, स्वागत सत्कार रंगोली कलश स्थापना, दीपक जलाकर अक्षत कलश का स्वागत किया गया।
इस अवसर पर श्री बालाजी अखाड़ा, श्री कृष्णा अखाड़ा, श्री भवानी अखाड़ा के युवाओं द्वारा विभिन्न करतब भी दिखाए गए।
शोभा यात्रा का समापन हनुमान मंदिर टेकरी पर आरती के साथ किया जाकर प्रसाद वितरण किया गया।
कार्यक्रम में सनातन समाज के बंधु, राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ, बजरंग दल, विश्व हिंदू परिषद, भजन मंडली, प्रभात फेरी, हिंदू उत्सव समिति के सदस्य गण एवं नागरिक बंधु उपस्थित रहे।



