क्राइम

सागर नाका पुलिस चौकी ने एक रात में ही कर दी चार कार्रवाई

ब्यूरो चीफ : भगवत सिंह लोधी
दमोह । दमोह में लाइसेंसी शराब दुकानों से ही अवैध शराब की बिक्री कराई जा रही है। यदि पुलिस कार्रवाई करे तो शराब माफिया इतना पॉवरफुल है कि वह उल्टा चोर कोतवाल को डांटे की तर्ज पर भी अपनी प्रतिक्रिया देने से परहेज नहीं कर रहा है।
दरअसल दमोह जिले की समस्त शराब दुकानों का ठेका एक ही कंपनी के पास है, जिसकी मोनोपाली यह है कि यदि दुकान पर ग्राहक नहीं आते हैं तो शराब को गली-मोहल्लों में सप्लाई कराया जाए। सागर नाका पुलिस चौकी क्षेत्र में अवैध शराब के खिलाफ चौकी प्रभारी नीतेश जैन ने मुहिम छेड़ी एक ही दिन में कार्रवाई करते हुए उन्होंने चार प्रकरण पंजीबद्ध कर दिए। जिससे चौकी क्षेत्र में फैले शराब माफिया ने कृषि उपज मंडी शराब दुकान से अवैध शराब लेने से इंकार कर दिया। इधर अवैध शराब माफिया द्वारा हाथ खड़े किए तो कृषि उपज मंडी संचालक को अपने पैरों तले जमीन खिसकती नजर आई। क्योंकि यह शराब दुकान अवैध शराब की बिक्री कराकर ही आय अर्जित कर रही थी।
पुलिस को दबाने अनूठा तरीका
एक शराब ठेकेदार की मोनोपाली में चल रही कृषि उपज मंडी के गददीदार ने शराब दुकान पर ताला डाला और चाबी लेकर पुलिस चौकी देने पहुंच गया। वहां चाबी नहीं ली तो चौकी परिसर में ही बने मंदिर में चाबी रख दी गई है। दुकान में ताला डला है। हालाकि गददीदार दूसरे आरोप लगाते हुए चाबी रखने का ढोंग कर रहा है, लेकिन असलियत यह है कि सागर नाका चौकी पुलिस द्वारा एक दिन में की गई चार कार्रवाईयों से इस क्षेत्र में अवैध शराब विक्रेताओं में हडक़ंप मच गया और उन्होंने शराब बेचने से मना कर दिया।
दुकानों में नहीं गली-गली बिक रही
दमोह जिले में अवैध शराब गली मोहल्लों में बिक रही है। जिले के स्कूल, खाली मैदान, गलियां, सूने घर शराब विक्रय केंद्र बने हुए हैं। इसके अलावा ढाबों पर भी अवैध शराब बिकवाई जा रही है। इसके खिलाफ पुलिस द्वारा कार्रवाई भी की जा रही है, लेकिन पुलिस की कार्रवाई को रोकने के लिए इस तरह के हथकंडे अपनाए जा रहे हैं और उल्टा चोर कोतवाल को डांटे की तर्ज पर दमोह का शराब माफिया खड़ा हुआ दिखाई दे रहा है।

Related Articles

Back to top button