सम्मेद शिखर को पर्यटन स्थल बनाने के विरोध में जिले के सकल जैन समाज रैली निकाली, जैन समाज ने प्रतिष्ठान बंद रखे
रैली में झारखंड सरकार, मोदी सरकार की तानाशाही नहीं चलेगी के नारे गूंजे, एसडीएम रायसेन एलके खरे को सौंपा ज्ञापन
रिपोर्टर : शिवलाल यादव
रायसेन । बुधवार को दोपहर सकल जैन महा पंचायत के जिलाध्यक्ष पुष्पेंद्र जैन के नेतृत्व में जिले भर से परिवार सहित ज़िला मुख्यालय के मारुति नन्दन मन्दिर पाटनदेव से विरोध प्रदर्शन रैली शुरू हुई। जिसमें जैन समाज के युवा बच्चे बड़े और महिलाएं युवतियां पारंपरिक यूनिफार्म में रैली में शामिल हुए।
यह विरोध प्रदर्शन करते हुए पाटनदेव, गर्ल्स स्कूल सागर भोपाल तिराहे से होते हुए महामाया चौक से वापस बैडनरी के कामधेनु शॉपिंग काम्प्लेक्स परिसर पहुंचकर समाप्त हुई। यहां रायसेन एसडीएम एलके खरे को मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के नाम ज्ञापन सौंपा गया।
झारखंड सरकार द्वारा जैन धर्म आस्था के केंद्र सम्मेद शिखर जी को पर्यटन स्थल घोषित करने के प्रस्ताव को लेकर जैन समाज में आक्रोश है। इसी के विरोध में बुधवार को दोपहर रायसेन जिले भर में आवेदन सौंपे जा रहे हैं। बुधवार को जैन समाज के लोगों ने अपने-अपने प्रतिष्ठान बंद रखे और सड़कों पर उतर आए। इसके बाद रायसेन शहर के मुख्य मार्गों से रैली निकाली गई। जिसमें सैकड़ों की संख्या में महिलाएं, पुरुष, बच्चे अपने-अपने हाथों में तख्तियां लेकर लोग सागर भोपाल तिराहे पहुंचे, जहां पर राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, केंद्रीय पर्यावरण मंत्री एवं झारखंड के मुख्यमंत्री के नाम कलेक्टर के आदेश पर एसडीएम रायसेन एलके खरे को आवेदन सौंपे गए। दिगंबर जैन सकल महा पंचायत के जिला अध्यक्ष पुष्पेंद्र जैन ने मीडिया कर्मियों को चर्चा करते हुए बताया कि जैन समाज के करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था के केंद्र व अनंत मुनिराज तीर्थंकरों की मोक्ष स्थली सम्मेद शिखर जी को केंद्र की मोदी व झारखंड सरकार द्वारा पर्यटन स्थल एवं वन्य जीव पर्यावरण केंद्र घोषित करने के लिए अधिसूचना जारी की गई है। जिसके जरिए सरकार इसे पर्यटन स्थल बनाना चाहती है । जबकि जैन समाज की मांग है कि इस पूरे पर्वत श्रृंखला को पवित्र क्षेत्र घोषित किया जाए।ताकि यहां पर किसी भी प्रकार की गैर धार्मिक गतिविधियों को बढ़ावा न मिले। हमारी सरकार से मांग है कि इस पवित्र क्षेत्र को पर्यटन क्षेत्र के रूप में घोषित नहीं किया जाए। क्योंकि पर्यटन क्षेत्र बनने से यहां की पवित्रता व स्वतंत्रता नहीं रह पाएगी। इसी को लेकर जैन समाज के लोग विरोध कर रहे हैं। जैन समाज के विरोध प्रदर्शन में नपाध्यक्ष सविता जमना सेन, जिपं अध्यक्ष यशवंत बबलू मीणा, नगर परिषद अध्यक्ष सिलवानी, राजीव जैन ओबेदुल्लागंज, संजीव समैया सिलवानी, लालू जैन, अरुण जैन, नरेंद्र जैन, वीरेंद्र जैन, मनोज जैन, राकेश जैन, सुभाष जैन, विनोद जैन पेंटर, डॉ वीरेंद्र जैन, संजय जैन आदि उपस्थित हुए।




