मूंग से भरी ट्रैक्टर ट्राली तेंदोनी नदी में पलटी, बह गई मूंग
सोसायटी में मूंग बेचने जा रहा था किसान, चालक ने कूदकर बचाई जान
रिपोर्टर : रिजवान खान
जैथारी। सोसायटी पर मूंग बेचने जा रहे एक किसान की मूंग से भरी ट्रैक्टर-ट्राली तेंदोनी नदी में पलट गई, जिससे ट्राली में भरी करीब 40 क्विंटल मूंग नदी के पानी में बह गई, जबकि ट्रैक्टर चालक को कूदकर अपनी जान बचाना पड़ी। प्रतापगढ़ के किसान हुकुम सिंह ट्रैक्टर-ट्राली में 40 क्विंटल मूंग भरकर उसे बेचने के लिए सोसायटी पर लेकर जा रहे थे। तेंदोनी नदी के पास कीचड़ होने से ट्रैक्टर फिसल कर नदी में गिर गया। किसान ही ट्रैक्टर को चला रहा था। ट्रैक्टर को नदी में गिरता देखकर चालक उसे नीचे कूद गया, जिससे उसकी जान बच गई, लेकिन ट्राली में भरी मूंग पानी में बह गई। किसान ने बताया कि मूंग का भाव 7750 रुपए प्रति क्विंटल चल रहा है। इस तरह उसे तीन लाख रुपए का नुकसान हो गया है। गांव के घनश्याम राठौर, राजकुमार राठौर, सुरेंद्र राठौर, जसमन राठौर, रामेश्वर राठौड़, करण राठौर, इस्सू खां, अयाज खान, कल्लू महाराज ने मदद कर किसान ट्रैक्टर-ट्राली को बाहर निकलने में कड़ी मशक्कत की।



