सेवा पखवाड़े के तहत चार परिवारों का हुआ गृह प्रवेश

प्रधानमंत्री आवास योजना से गरीब परिवारों को मिला पक्के घर का सहारा
सिलवानी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर आयोजित सेवा संकल्प अभियान एवं सेवा पखवाड़े के तहत नगर के वार्ड क्रमांक 2 स्थित लोहापीटा कॉलोनी में प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत निर्मित चार आवासों का गृह प्रवेश कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में पूर्व मंत्री ठाकुर रामपाल सिंह राजपूत एवं नगर परिषद अध्यक्ष रेशु विभोर नायक ने हितग्राही परिवारों के आवासों में विधिवत दीप प्रज्वलित कर एवं फीता काटकर गृह प्रवेश कराया।
गृह प्रवेश के अवसर पर आवास प्राप्त करने वाले हितग्राही परिवारों के चेहरे पर खुशी और उत्साह साफ दिखाई दिया। वर्षों से पक्के मकान का सपना संजोए परिवारों के लिए अपने नए घर में प्रवेश का यह अवसर भावुक और यादगार रहा। जनप्रतिनिधियों ने हितग्राहियों को नए आवास के लिए शुभकामनाएं देते हुए उनके सुखी एवं समृद्ध जीवन की कामना की।
इस अवसर पर पूर्व मंत्री ठाकुर रामपाल सिंह राजपूत ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार द्वारा संचालित प्रधानमंत्री आवास योजना गरीब एवं जरूरतमंद परिवारों के जीवन में बड़ा बदलाव ला रही है। योजना का उद्देश्य यह है कि देश में कोई भी पात्र परिवार पक्के आवास से वंचित न रहे। केंद्र सरकार द्वारा प्रधानमंत्री आवास योजना के माध्यम से देश और प्रदेश के पात्र परिवारों को पक्का मकान उपलब्ध कराने का कार्य निरंतर किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि अपना स्वयं का पक्का घर होना प्रत्येक परिवार का सपना होता है। प्रधानमंत्री आवास योजना ने इस सपने को साकार करने का काम किया है। सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम पंक्ति में खड़े पात्र व्यक्ति तक पहुंचे, इसी उद्देश्य के साथ सेवा और जनकल्याण के कार्य किए जा रहे हैं।
नगर परिषद अध्यक्ष रेशु विभोर नायक ने कहा कि नगर में प्रधानमंत्री आवास योजना के माध्यम से पात्र हितग्राहियों को आवास उपलब्ध कराने का कार्य निरंतर किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाना नगर परिषद की प्राथमिकता है।
कार्यक्रम के दौरान हितग्राही परिवारों ने प्रधानमंत्री आवास योजना के माध्यम से मिले पक्के घर के लिए शासन एवं जनप्रतिनिधियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर भाजपा मंडल अध्यक्ष श्याम साहू, भाजपा नेता विभोर नायक, पार्षद प्रदीप कुशवाहा, लखन मेहरा, बाबू ठाकुर, पूर्व हिन्दू उत्सव समिति अध्यक्ष नारायण यादव, पूर्व पार्षद नीरज नेमा पप्पू, मन्नू राजपूत, एल्डरमैन किशोर सिंह शेखावत, तुलसी यादव, ओमपाल सिंह नगर परिषद सीएमओ राकेश मिश्रा सहित बड़ी संख्या में
भाजपा कार्यकर्ता एवं वार्ड वासी उपस्थित रहे।



