मध्य प्रदेश

संन्यासी मंदिर में जगन्नाथ स्वरूप की आंखों वाले गणेश, न्यू बस स्टैंड पर पगड़ीधारी गणपति आकर्षण का केंद्र

रिपोर्टर : सतीश चौरसिया
उमरियापान ।  गणेशोत्सव पर्व को लेकर उमरियापान में जगह-जगह भगवान श्रीगणेश की प्रतिमाएं स्थापित की गई हैं । अलग-अलग पंडालों में विराजमान गणपति बप्पा के मनमोहक और आकर्षक स्वरूप श्रद्धालुओं का ध्यान अपनी ओर खींच रहे हैं ।  नगर के संन्यासी महाराज मंदिर और न्यू बस स्टैंड में स्थापित गणेश प्रतिमाएं अपने अनोखे स्वरूप के कारण विशेष आकर्षण का केंद्र बनी हुई हैं ।
*संन्यासी मंदिर में जगन्नाथ स्वरूप की झलक*
उमरियापान के संन्यासी महाराज मंदिर प्रांगण में विराजमान भगवान श्रीगणेश की प्रतिमा अपने अनूठे स्वरूप के लिए श्रद्धालुओं के बीच चर्चा का विषय बनी हुई है ।  प्रतिमा में भगवान गणेश का पारंपरिक स्वरूप बरकरार रखते हुए उनकी बड़ी और गोलाकार आंखों को भगवान जगन्नाथ के स्वरूप की शैली में बनाया गया है । गणपति जी की सूंड, मुकुट और पारंपरिक आभूषणों के साथ जगन्नाथ स्वरूप जैसी आंखों का संयोजन प्रतिमा को खास बना रहा है ।  मंदिर पहुंचने वाले श्रद्धालु इस अनोखी प्रतिमा के दर्शन करने के साथ इसकी कलात्मकता को भी निहार रहे हैं ।
*न्यू बस स्टैंड पर पगड़ीधारी गणपति ने खींचा ध्यान*
इसी तरह नगर के न्यू बस स्टैंड में विराजमान भगवान श्रीगणेश की प्रतिमा भी श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बनी हुई है ।  यहां गणपति बप्पा को सिर पर आकर्षक पगड़ी धारण किए हुए स्वरूप में सजाया गया है ।  पगड़ीधारी गणपति की यह छवि पारंपरिक गणेश प्रतिमाओं से अलग नजर आ रही है ।  दर्शन के लिए पहुंच रहे श्रद्धालु इस मनमोहक स्वरूप को देखकर अभिभूत हो रहे हैं और प्रतिमा के साथ फोटो भी लेते नजर आ रहे हैं।
गणेशोत्सव के दौरान दोनों स्थानों पर भगवान गणेश के इन अलग-अलग स्वरूपों ने श्रद्धालुओं का मन मोह लिया।

Related Articles

Back to top button