जगह जगह विराजे गणपति बप्पा, भजन कीर्तन का हो रहा आयोजन

रिपोर्टर : सतीश चौरसिया
उमरियापान । प्रथम पूज्य सिद्धी विनायक भगवान श्रीगणेश का दस दिवसीय पावन पर्व की उमरियापान सहित ग्रामीण अंचलो में भक्तिभाव के साथ मनाया जा रहा है। सार्वजनिक पंडालों के साथ घर-घर में विधि विधान के साथ शुभ मुहूर्त में पूजा अर्चना कर गणपति बप्पा की प्रतिमाएं स्थापना की गई। गणेशोत्सव पर्व को लेकर समूचे नगर उमरियापान में श्रद्धालुओं में उत्साह का वातावरण दिखाई दे रहा है। विघ्नहर्ता भगवान श्रीगणेश की आकर्षक झांकियां सजाई गई हैं, जहां दिन भर प्रथम पूज्य की विधि विधान से पूजा-अर्चना आरती की जा रही है । सार्वजनिक गणेश उत्सव समिति कटरा बाजार, न्यू बस स्टैंड, हनुमान मंदिर, झंडा चौंक, सन्यासी बाबा, अथैया मंदिर, नई बस्ती, अंधेलीबाग तिराहा आदि स्थानों पर विराजित भगवान गणेश की प्रतिमा आकर्षण का केंद्र बनी हुई हैं। गणेशोत्सव समितियों द्वारा जगह-जगह गणेश पंडाल को आकर्षक विद्युत साज-सज्जा कर सजाया गया है साथ ही सभी जगह संध्या कालीन भजन कीर्तन कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। संध्या कालीन को श्रीगणेश जी की आरती के दौरान पूरा पंडाल धर्ममय वातावरण हो जाता है । गांवों में छोटे-छोटे बच्चों में गणेशोत्सव पर्व को लेकर खासा उत्साह देखने को मिल रहा है । वहीं त्योहारों के मद्देनजर उमरियापान थाना प्रभारी सिद्धार्थ राय पुलिस बल के साथ थाना क्षेत्र का भ़मण कर शांति पूर्वक त्यौहार संपन्न कराने व असमाजिक तत्वों पर नजर रखने मुस्तैद है।


