करंट लगने से 13 साल के किशोर की मौत
भोपाल । भोपाल के पटेल नगर इलाके की एक कॉलोनी में गणेश झांकी स्थल पर देर रात 13 वर्षीय किशोर को करंट लग गया। मौके पर मौजूद परिजन उसे अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने मृतक मानव रघुवंशी उसे घोषित कर दिया। पुलिस ने मर्ग कायम करने के बाद जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार रायसेन जिले के सरकारी स्कूल अंबाडी, दीवानगंज में पदस्थ शिक्षक सुरेन्द्र रघुवंशी, पटेल नगर इलाके की शुभ ईस्टर कॉलोनी में रहते है। कॉलोनी का कवर्ड कैंपस है। सुरेन्द्र मूलतः रमपुरा कला तहसील सिलवानी जिला रायसेन के रहने वाले हैं। उनकी कॉलोनी में गणेश जी की झांकी लगाई गई है। इस झांकी में रात में धार्मिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया था। इस कार्यक्रम में सुरेन्द्र व उनकी पत्नी भी आई हुई थीं। रात करीब एक बजे सुरेन्द्र का 13 साल का बेटा मानव रघुवंशी भी घर से निकलकर झांकी स्थल पर आ गया। यहां पर उसे खुले हुए तार से करंट लग गया। झटका लगते ही उसने लोहे के खंभे को पकड़ लिया। इसके कारण वह पूरी तरह से करंट की चपेट में आ गया। परिजन उसे इलाज के लिए तुंरत ही अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां पर डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची तथा पंचनामा बनाने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए रवाना किया। पोस्टमार्टम के बाद सोमवार की दोपहर किशोर का शव उनके परिजनों को सौंप दिया गया। घटना के बाद से परिजनो का रो रोकर बुरा हाल है।



