धार्मिकमध्य प्रदेश

धूमधाम से मनाई विप्र समाज ने परशुराम जयंती, नगर के प्रमुख मार्गों से निकाली भव्य शोभायात्रा

ब्यूरो चीफ : शब्बीर अहमद
बेगमगंज । नगर में परसुराम जी की जयंती बड़े ही उत्साह के साथ मनाई गई। सुबह सात बजे से नगर के दशहरा मैदान से भगवान परसुराम जी की भव्य शोभायात्रा निकाली गई जो मुख्य मार्गों से होती हुई पुनः ग्यारह बजे दशहरा मैदान पहुँची जहाँ पर मुख्य कार्यक्रम आयोजित किया गया। ब्राह्मण समाज के वरिष्ठ नागरिकों क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों ने समाज को एक सूत्र मैं बांधने पर जोर दिया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सिलवानी विधायक रामपाल सिंह राजपूत ने कहा कि ब्राह्मण समाज ने आज अदभुत कार्य किया है सभी समाजो को एक मंच पर बुलाया। आज हमारे ग्रंथों को बचाकर रखने का कार्य शंकराचार्य जी ने किया जिनकी सबसे बड़ी प्रतिमा मध्यप्रदेश में है। देश को विश्वगुरु बनाने का कार्य भी ब्राम्हण समाज द्वारा किया जा रहा है। ब्राह्मण समाज की धर्मशाला बनाने के लिए सबसे पहले हमने ही दस लाख रूपए की राशि दी थी। लेकिन किसी कारण से नही बन सकी है। आज हम फिर से दस लाख रुपए की राशि की घोषणा करते है। वही मूर्ति के लिए भी आप जगह का चयन कर ले राशि हम देंगे। हमने अन्य समाजों के महापुरुषों की मूर्तियां लगाई हैं तो ब्राह्मण समाज के महापुरुषों की भी मूर्ति लगाई जाएगी। इसके बाद श्री राजपूत ने सभी ब्राह्मण समाज के विप्र जनों का तिलक और तौलिया डालकर सम्मान किया।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष देवेंद्र पटेल ने कहा कि नगर ने जितने भी धार्मिक एवं समाज प्रमुखों की जयंती मनाई जाती है वह हिंदू उत्सव समिति के संयुक्त तत्वाधान में मनाई जाए तो कार्यक्रम मे और भव्यता देखने को मिलेगी। आज इस मंच पर हिंदू समाज को एक करने की बात वक्ताओं द्वारा कही जा रही है, मेरा सभी विप्र समाज से निवेदन है कि आपको पहले निचले स्तर के दलित आदिवासी पिछड़ों को आगे लाकर उनको बराबरी का स्थान दिलाने में महत्वपूर्ण पहल करना होगी तभी हिंदू समाज एक करने की धारणा पूर्ण हो पाएगी। ब्राह्मण समाज के लोगों ने चंद्रशेखर आजाद की मूर्ति लगाने की बात की है मेरी ओर से मैं 51 हजार रुपए की राशि एवं धर्मशाला के लिए एक लाख रूपए की राशि देने की घोषणा करता हूं। वही देवेंद्र पटेल ने ब्राह्मण समाज के पूज्य गुरुदेवो के जीवन पर प्रकाश डाला और कार्यक्रम की सराहना की।
कार्यक्रम को प्रदेश कांग्रेस महामंत्री राजेंद्र सिंह तोमर, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष मलखान सिंह जाट, ऋषिराज शर्मा, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष संदीप विश्वकर्मा, भगवान सिंह लोधी, राकेश भार्गव बसंत शर्मा, डॉ रवि शर्मा, उमाशंकर पांडे, आलोक दुबे आदि ने भी संबोधित किया आभार प्रदर्शन ब्राह्मण महासभा के अध्यक्ष कंछेदीलाल शर्मा, जयगोविंद दुबे ने किया। कार्यक्रम का संचालन अशोक शर्मा, पवन दुबे, शुभम दुबे ने किया। कार्यक्रम में नगर पालिका अध्यक्ष संदीप लोधी, जनपद पंचायत अध्यक्ष पुष्पेंद्र सिंह ठाकुर, उपाध्यक्ष सुदर्शन घोसी, हिंदू उत्सव समिति अध्यक्ष संजय राय, जिला पंचायत सदस्य मोहित लोधी सहित नगर के गणमान्य नागरिक एवं समाज के विप्र बंधु बड़ी संख्या में शामिल हुए।

Related Articles

Back to top button