गोल्ड लोन बैंक में दिन दहाड़े साढ़े चार लाख रुपये की लूट
गाडरवारा l एमपी के नरसिंहपुर जिले के गाडरवारा में बुधवार को भरी दोपहरी में चार-पांच बदमाशों ने कैपरी गोल्ड लोन बैंक में लूट की वारदात को अंजाम दिया। लुटेरों ने हथियारों के दम पर करीब साढ़े चार लाख नकद के साथ ही तीन मोबाइल लूटे। ये लुटेरे सफेद रंग की कार में सवार होकर भाग गए। जिस समय यह घटना हुई उस दौरान बैंक में दो अधिकारी सहित बिना शस्त्र वाला एक सुरक्षा गार्ड व अन्य चार-पांच लोग मौजूद बताए जा रहे हैं। पुलिस शहर से बाहर जाने वाले मार्गों पर घेराबंदी करके सफेद रंग की कार को तलाश रही है।
घटनाक्रम यह है
बैंक के ब्रांच सेल्स मैनेजर रोहित पटेल ने बताया कि बैंक में जिस समय घटना हुई उस दौरान बैंक के आपरेशन मैनेजर दुर्गेश पटेल और सीनियर लोन आफिसर लंच कर रहे थे। बाहर सुरक्षा गार्ड नेपाल सिंह वंशकार था। तभी एक-एक कर लुटेरे सुरक्षा गार्ड को डराते-धमकाते हुए आए और अधिकारियों से कैश लाकर की चाबी ली। इसके बाद उनके मोबाइल छीन लिए और करीब साढ़े चार लाख रूपये निकाले। इसके साथ ही उन्होंने जिस लाकर में जेवर रखे थे उसे खोलने के लिए कहा। तब सचिन जैन ने उनसे कहा कि इसकी एक चाबी जिसके पास है वह बाहर है तथा यह आनलाइन सिस्टम पर आधारित है और मोबाइल आपने छीन लिए इसलिए यह नहीं खुल सकता। इसके बाद लुटेरों ने कर्मचारियों के साथ हाथापाई भी की।
आई—20 कार से भागे लुटेरे
बताया जा रहा है कि लुटेरे सफेद कलर की बिना नंबर वाली आई—20 कार से आए थे। जिसे उन्होंने बैंक से कुछ दूरी पर खड़ा कर रखा था। लुटेरे कार में सवार होकर आमगांव नाका की तरफ भाग गए। बताया जाता है कि एक व्यक्ति मास्क लगाए हुए था तथा शेष व्यक्ति बिना चेहरे ढंके हुए थे। बैंक कर्मियों ने बताया कि मंगलवार को करीब चार बजे एक व्यक्ति उनके पास आया था जो कि सोने का कड़ा गिरवी रखने के बारे में जानकारी लेकर गया था। बुधवार को जो लूट हुई है उसमें वह व्यक्ति भी शामिल था।



