मध्य प्रदेश

नदी में नहाने गए 4 बच्चे, लौटे 3, एक की मौत

सिलवानी । सिलवानी से महज 8 किलोमीटर दूरी पर स्थित ग्राम सिमरिया कला में रविवार को दर्दनाक हादसा हो गया। ग्राम सिमरिया कला में स्थित बेगम नदी में नहाने गए चार बच्चों में से एक 17 वर्षीय किशोर अरविंद अहिरवार डूब गया। परिजन व ग्रामीणों की मदद से बेगम नदी में तलाश कर उसे नदी से बाहर निकाला लेकिन तब तक अरविंद अहिरवार की मौत हो चुकी थी। अरविंद तीन भाइयों में सबसे छोटा था। उसके पिता रामबगस अहिरवार की पिछले वर्ष करेंट लगने से मौत हो चुकी थी। परिवार पहले से ही आर्थिक तंगी से जूझ रहा है और अब इस हादसे से गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।
बताया जाता है कि घटना के समय चारों बच्चे बेगम नदी में छलांग लगाकर नहा रहे थे। इसी दौरान अरविंद गहरे पानी में चला गया और डूब गया। मृतक के बड़े भाई महेंद्र अहिरवार उम्र 21 वर्ष और धर्मेंद्र अहिरवार उम्र 18 वर्ष ने बताया कि पिता के निधन के बाद से पूरा परिवार मेहनत मजदूरी कर किसी तरह गुजर-बसर कर रहा है। गांव के लोगों का कहना है कि यह हादसा बेहद हृदय विदारक है, क्योंकि बीते वर्ष ही परिवार ने पिता को खोया था और अब सबसे छोटे बेटे की असमय मौत हो गई। मृतक अरविंद अहिरवार के शव को सिलवानी सिविल अस्पताल लाया गया है जहां ब्लाक मेडिकल ऑफिसर डॉ आरएस पटेल द्वारा मृतक का पोस्टमार्टम किया गया है। सिलवानी पुलिस ने मर्ग पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया है।

Related Articles

Back to top button