क्राइम

मोटर साइकिल सवार युवक पत्थर पटककर की हत्या, सनसनी फैली

रिपोर्टर : सतीश चौरसिया
सिहोरा । मझगवां थाना क्षेत्र के कुम्ही सतधारा के पास सड़क किनारे सुबह एक युवक की रक्तरंजित लाश मिलने से सनसनी फैल गई।
पत्थर पटककर युवक की हत्या होने की सूचना पर एसडीओपी भावना मरावी, थाना प्रभारी मझगवां लोकमन अहिरवार सहित एफएसएल की टीम मौके पर पहुंची है। पूछताछ के बाद पुलिस ने मृतक की पहचान आशीष चौधरी 30 साल निवासी देवरी निवासी युवक के रूप में की है। पुलिस ने मामले की विस्तृत जांच शुरु कर दी है।
एसडीओपी सिहोरा भावना मरावी ने बताया कि प्राथमिक पूछताछ में मृतक आशीष चौधरी 30 साल निवासी देवरी के परिजनों ने बताया कि आशीष शनिवार की शाम घर से अपनी बाइक क्रमांक एमपी 20 एमएस 0206 से निकला था। देर रात तक घर वापस न आने पर पिता नरोत्तम चौधरी सहित अन्य लोग उसकी खोजबीन में जुटे थे। मृतक आशीष का मोबाइल भी स्विच आफ आ रहा था। सुबह देवरी गांव से कुछ दूर कुम्ही गांव के पास सड़क किनारे आशीष की लाश और बाइक मिली है।
प्रथम द्वष्टया पत्थर पटककर हत्या करना प्रतीत हो रहा है। पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। परिजनों का कहना है कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने आशाीष को घर से बुलाकर योजना के तहत उसकी हत्या की है।
पुलिस ने मामले की पड़ताल करते हुए देवरी एवं कुम्ही गांव में पूछताछ शुरू कर दी है। मृतक आशीष के साथ कौन-कौन रहता था, किससे उसका विवाद या रंजिश थी, इसका पता लगाया जा रहा है। पूछताछ में पुलिस को कुछ अहम जानकारी मिली है, जिसके आधार पर आरोपी तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है।

Related Articles

Back to top button