मध्य प्रदेश

क्षमता से अधिक सवारियां बिठाकर दे रहे दुर्घटना को निमंत्रण

आठ सवारी की क्षमता, बिठा रह तीस सवारी, परिवहन विभाग मौन
ब्यूरो चीफ : शब्बीर अहमद
बेगमगंज ।
परिवहन विभाग की उदासीनता के कारण ग्रामीण क्षेत्रों में निजी जीप, आटो, आदि से यात्रियों को लाने ले जाने का कार्य मनमाने ढंग से किया जा रहा है जिसमें क्षमता से अधिक सवारियां बिठाकर दुर्घटनाओं को निमंत्रण देते वाहनों पर परिवहन विभाग कोई अंकुश नहीं लगा पा रहा है।
शहर के पुराना बस स्टैंड दशहरा मैदान आदि से प्रतिदिन ओवरलोड वाहनों के नजारे देखे जा सकते हैं यह वाहन बेगमगंज से वीरपुर, कीरतपुर, खैरी, लखनपुर, बांसादेही,
महुआखेड़ा, मरखेड़ा टप्पा, पडरिया राजाधार, हैदरगढ़ सहित आसपास के क्षेत्रों में 8 सवारियों के बैठने के स्थान पर 30 – 30 सवारियां भरकर यात्रियों को लाने ले जाने का काम कर रहे हैं जिनसे आम राहगीरों को दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है।
सोमवार के दिन नगर के पुराना बस स्टैंड पर चार पहिया महिंद्रा, कमांडो एवं मैजिक वाहनों में साइडों और पीछे दोनों ओर सवारियां लटकी नजर आती हैं। साथ में वाहन के ऊपर सामान लगेज भी रखा रहता है वाहन चालक को वाहन चलाते समय ना तो पीछे का दिखाई देता है और ना ही आजू-बाजू का वह तो फर्राटे के साथ गाड़ी तेज स्पीड में ले जाता है। जबकि एक और परिवहन विभाग दावा कर रहा है कि कोई भी वाहन ओवरलोड सड़कों पर दौड़ता हुआ नहीं दिखाई देगा। बावजूद इसके ठूंस ठूंस कर सवारियों से भरे वाहन ग्रामीण क्षेत्र की सड़को पर आसानी से परिवहन नियमों की धज्जियां उड़ाते नजर आते हैं।
अब तक इन मार्गों पर सवारियों के अधिक बैठे होने के कारण कई टेंपो और अन्य वाहन अनियंत्रित होकर पलट चुके है। साथ ही चपेट में आकर दर्जनों लोग चोटिल भी हुए है।
उसके बाद भी इनके खिलाफ कोई ठोस कार्रवाई करने के लिए परिवहन विभाग ने आज तक कोई कदम नहीं उठाया है। जिससे आए दिन इन मार्गों पर हादसों का खतरा बढ़ गया है। ऐसे वाहनों में सफर करने वाले यात्रियों को ध्यान में रखकर यात्रा करना चाहिए। उन्हें ध्यान रखना चाहिए कि जिस वाहन में वह बैठ रहे है। उसमें कितनी सवारियां है।
नहीं है ट्रैफिक पुलिस:- थाने के अंदर एक भी ट्रैफिक पुलिस का आरक्षक पदस्थ नहीं होने से ट्राफिक व्यवस्था की कमान नगर सैनिक और आरक्षक संभालते हैं जो संख्या के हिसाब से नाकाफी हैं स्कूल भी प्रशासनिक अधिकारियों को ध्यान देने की जरूरत है जिले की सबसे बड़ी तहसील होने के बावजूद एक भी ट्राफिक मैन बेगमगंज थाने में पदस्थ नहीं है।
पुलिस वाहन चेकिंग के दौरान ऐसे वाहन चालकों पर कार्रवाई अवश्य करती है लेकिन परिवहन विभाग द्वारा आज तक कोई ठोस कदम इस संबंध में नहीं उठाए गए हैं जिससे ओवरलोड यात्री वाहनों की संख्या बढ़ गई है।
इस संबंध में थाना प्रभारी राजपाल सिंह जादौन का कहना है कि संज्ञान में आने पर ऐसे वाहन चालकों पर कार्रवाई की जाती है।

Related Articles

Back to top button