25 टन नकली खाद पुलिस ने किया जब्त, गोदाम से मिले ब्रांडेड खाद कंपनियों के कई कट्टे

रिपोर्टर : राजकुमार रघुवंशी
मंदसौर। रबी की सीजन में खाद माफिया फिर से सक्रिय हो गए है। रबी की सीजन में खाद की मांग बढते ही नकली खाद का कारोबार जोरों पर चल रहा है। इसका प्रमाण पुलिस द्वारा की गई कार्रवाई है। जिसमें पुलिस ने करीब 25 टन नकली खाद जब्त किया है। नकली खाद और खाद की कालाबाजारी के मामले में मंदसौर सुर्खियों में है।
हर साल खाद घोटाला, नकली खाद और खाद की कालाबाजारी के मामले सामने आते हैं। इस बार गरोठ क्षेत्र में पुलिस ने कार्रवाई की। जिसमें एक हजार नकली खाद के कट्टे जब्त कर फिर से जिले में चल रहे इस नकली खाद के गौरखधंधे को प्रमाणित किया है। यह नकली खाद दुकानों तक पहुंच रहा है। जहां इस खाद के मनमाने दाम वसूले जा रहे हैं। इस तरह से मंदसौर जिले का किसान ठगा रहा है। नकली खाद से जहां उत्पादन पर फर्क पड रहा है तो वहीं इस खाद का मूल्य अधिक चुकाने से खेती को लाभ का धंधा बनाने के सरकार के दावों की भी पोल खुल रही है। रबी की सीजन में डिमांड बढते ही नकली खाद की शिकायतें सामने आने लगी है। कलेक्टर गौतमसिंह ने इस मामले में कृषि विभाग को कार्रवाई के निर्देश भी दिए थे। कृषि विभाग की उदासीनता को पुलिस की कार्रवाई बयां कर रही है।
गरोठ थाने के ग्राम सपानिया में पुलिस को नकली खाद के संबंध में जानकारी मिली। इसके बाद पुलिस ने रंजीतसिंह और मदनसिंह के गोदाम में दबिश दी। यहां बड़ी संख्या में खाद के कट्टे मिले। जिनकी तलाशी लेने पर उसमें खाद मिली। जब खाद की जांच की गई तो कट्टो में रखी खाद नकली पाई गई। पुलिस ने विभिन्न ब्रांड के खाली खाद के कट्टे भी जब्त किए है। इसके अलावा पुलिस को यहां टाटा नमक के फ्रेश खाली कट्टे भी मिले हैं। आशंका है कि इसमें नकली नमक ओरिजनल ब्रांड के कट्टों में भरकर खेल किया जा रहा था। इसके अलावा आईस बॉक्स भी पुलिस ने जब्त किए है।



