मध्य प्रदेशमनोरंजन

सागर के भूपेंद्र क्या बन पाएंगे करोड़पति, ₹1 करोड़ का सवाल पूछेंगे अमिताभ बच्चन

सागर । मध्यप्रदेश से कई प्रतिभागी ‘कौन बनेगा करोड़पति’ में पहुंच चुके हैं। इस बार हॉट सीट पर पहुंचे हैं सागर जिले के भूपेंद्र चौधरी। वे एक करोड़ रुपए के सवाल तक पहुंच गए हैं। भूपेंद्र इस सवाल का जवाब दे पाएंगे या नहीं, यह 10 नवंबर को यानी आज रात प्रसारित होने वाले एपिसोड में पता चलेगा।
50 लाख की बधाई देते दिखे अमिताभ
हाल ही में सोनी टीवी ने भूपेंद्र के शो का प्रोमो वीडियो जारी किया है। इसमें सदी के महानायक और केबीसी के होस्ट अमिताभ बच्चन उन्हें 50 लाख रुपए जीतने की बधाई देते नजर आ रहे हैं। जाहिर है कि भूपेंद्र एक करोड़ रुपए के सवाल तक पहुंच गए हैं। वीडियो में भूपेंद्र ने कहा कि मेरा बेटा जब अटकता है तो मुझसे पूछता है। मैं उसके हर सवाल का जवाब दे देता हूं। वह कहता कि आप मेरे गूगल हैं, लेकिन मैं अगर हॉट सीट तक नहीं आता, तो उसका गूगल नहीं बचता।
जब टीवी खरीदा, तो केबीसी का बन गया दीवाना
‘कौन बनेगा करोड़पति’ में 22 साल के प्रयास के बाद पहुंचे भूपेंद्र चौधरी सागर जिले के खुरई के खेजरा इज्जत गांव के रहने वाले हैं। गांव की आबादी 900 के करीब है। गांव में करीब 160 घर हैं। इस गांव का हर व्यक्ति खुद को खुशनसीब समझ रहा है, क्योंकि उनके गांव का भूपेंद्र ‘कौन बनेगा करोड़पति’ की हॉट सीट तक पहुंच गए हैं।
पिता 66 वर्षीय बसंत चौधरी बताते हैं कि बेटे की मेहनत से आज वह भी अमिताभ बच्चन को अपनी आंखों से देख पाए हैं। यह उनके लिए सपने से कम नहीं है। पिता कहते हैं कि बड़वाह में नौकरी के दौरान उन्होंने 2000 रुपए में टीवी खरीदा था, जिस पर यह शो आता था, तभी से भूपेंद्र इसका दीवाना हो गया। उसे केबीसी में जाने का ऐसा जुनून था कि उसने कभी एक भी एपीसोड मिस नहीं किया।

Related Articles

Back to top button