अवैध शराब : 5 स्थानों से पकड़ी कच्ची महुआ लहान, करवाई नष्ट
शराब माफियाओं में मची हड़कंप
रिपोर्टर : शिवलाल यादव
रायसेन। अवैध रूप से कच्ची शराब बेचते हुए लोगों पर आबकारी महकमे की छापामार टीम द्वारा जांच कार्रवाई की गई है।
रायसेन। जिले में इन दिनों नशा मुक्ति अभियान के अंतर्गत आबकारी विभाग के अमले ने अवैध शराब बिक्री, कच्ची मदिरा बनाने और पीने वालों के खिलाफ मुहिम छेड़ रखी है । आबकारी उपनिरीक्षक राजेश विश्वकर्मा को अवैध शराब बनाने की सूचना मिली थी जिस पर उन्होंने अपनी टीम के साथ हरसिली में विद्या बाई एवं किरण बाई रायसिख, बहरावन मे रेखा बाई रायसिख , केवलाझिर में राजकुमारी रायसिख, बाड़ी शहर की बारना कालोनी मे संजना लुहार के रिहायशी मकानों पर दबिश देकर चारों को 30 बल्क लीटर अवैध हाथ भट्टी मदिरा के साथ रंगे हाथ पकड़ा है । आबकारी महकमे के सहायक उपायुक्त दीपम रायचुरा
ने बताया कि बाड़ी थाना क्षेत्र के बहरावन के नाले में दो केनाें मे रखी 20 लीटर अवैध हाथ भट्टी मदिरा जब्त की गयी।वहीं 7 ड्रमों मे भरा करीब 700 किलोग्राम महुआ लहान मय ड्रमों के नष्ट किया गया । कुल 5 प्रकरण आरोपीगण के विरुद्ध आबकारी एक्ट की धारा 34 (1) (क) तथा (च ) के तहत प्रकरण कायम कर विवेचना में लिए हैं । जब्त की गई मदिरा का मूल्य लगभग 66 हजार रुपए है । इस दौरान आरक्षक रामगोपाल शर्मा, आरक्षक रामस्वरूप पटेल, सैनिक राजेश शर्मा एवं सैनिक हल्के परते का विशेष सहयोग रहा।



