मध्य प्रदेश

डाकघर द्वारा “हर घर खाता” अभियान, नागरिकों को आर्थिक रूप से सक्षम बनाने की पहल

ब्यूरो चीफ : शब्बीर अहमद
बेगमगंज । भारत सरकार के डाक विभाग द्वारा नागरिकों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के उददेश्य से “हर घर खाता अभियान’ प्रारंभ किया गया है। जिसमें लोगों की आवश्यकता अनुरूप विभिन्न बचत योजनाओं के खाते खोले जाएगे। उप डाकपाल विश्व बंधु सोनी ने बताया कि उक्त अभियान रायसेन जिला तहसील के समस्त क्षेत्रों में प्रारंभ हो चुका है। नागरिक जीरो से 10 वर्ष तक की बालिकाओं के लिये सुकन्या समृद्धि, पीपीएफ, आरडी, सावधि एवं बचत खाता आदि खोल सकते हैं। सुकन्या समृद्धि, पीपीएफ, एनएससी आदि में आयकर की धारा 80 सी के तहत छूट भी प्रदाय की जाती है। उक्त योजनाओं में अन्य वित्तीय संस्थाओं की तुलना में डाक विभाग द्वारा अधिक ब्याज का लाभ दिया जा रहा है। साथ ही खाते की परिपक्वता पर धारक को आर्थिक संबल भी राशि के रूप में प्राप्त होता है।
डाकघर द्वारा एक बहुउपयोगी बीमा योजना भी नागरिकों के लिये प्रारंभ की गई है जिसमें मात्र 399/- वार्षिक पर 10 लाख का दुर्घटना बीमा किया जा रहा है। इसमें बीमाधारक के साथ दुर्घटना होने पर अस्पताल में इलाज के लिए अथवा मृत्यु की स्थिति में क्लेम पर तत्काल राशि उपलब्ध कराई जाती है। यदि बीमाधारक दुर्घटना में स्थायी या आंशिक विकलांग होता है तो भी 10 लाख तक का क्लेम किया जा सकता है। अस्पताल में इलाज व्यय के लिये 60 हजार तथा ओपीडी इलाज के लिये इस पॉलिसी के तहत 30 हजार रूपये दिए जाते हैं।
उप डाकपाल विश्व बंधु सोनी ने नागरिकों से अपील की है कि वे अपनी उपयोगिता अनुरूप अपने नजदीकी डाकघर में उक्त योजनाओं में खाता अवश्य खुलवाएं।

Related Articles

Back to top button