संविधान सप्ताह अंतर्गत विधिक साक्षरता शिविर का आयोजन
सिलवानी । प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश रायसेन अनीष कुमार मिश्रा के मार्गदर्शन में शुक्रवार को तहसील विधिक सेवा समिति सिलवानी द्वारा सरस्वती शिशु मंदिर विद्यालय सिलवानी में संविधान सप्ताह अंतर्गत विधिक साक्षरता शिविर का आयोजन किया गया ।
उक्त विधिक साक्षारता शिविर में अतुल यादव अध्यक्ष तहसील विधिक सेवा समिति सिलवानी द्वारा छात्र/छात्राओं को संविधान के अनुच्छेद 51ए के बारे में जानकारी देते हुए कहा कि मौलिक कर्तव्यों का उद्देश्य प्रत्येक नागरिक को एक निरंतर अनुस्मारक के रूप में यह बताना है, कि संविधान ने विशेष रूप से उन्हें कुछ मौलिक अधिकार प्रदान किये हैं, लेकिन नागरिकों को लोकतांत्रिक आचरण और लोकतांत्रिक व्यवहार के बुनियादी मानदंडों का पालन करने की भी आवश्यकता है। मौलिक कर्तव्यों के बारे में बताते हुए कहा कि सभी संविधान का पालन करें और उसके आदर्शों, संस्थाओं, राष्ट्रध्वज एवं राष्ट्रीय गान का आदर करें। भारत की संप्रभुता, एकता और अखंडता की रक्षा करें तथा उसे अक्षुण्ण रखें। भारत के सभी लोगों में समरसता और समान भातृत्व की भावना का निर्माण करें जो धर्म, भाषा व प्रदेश या वर्ग आधारित सभी प्रकार के भेदभाव से परे हो, ऐसी प्रथाओं का त्याग करें जो स्त्रियों के सम्मान के विरुद्ध हैं। वैज्ञानिक दृष्टिकोण से मानववाद और ज्ञानार्जन तथा सुधार की भावना का विकास करें। सार्वजनिक संपत्ति को सुरक्षित रखें और हिंसा से दूर रहें। व्यक्तिगत और सामूहिक गतिविधियों के सभी क्षेत्रों में उत्कर्ष की ओर बढ़ने का सतत् प्रयास करें जिससे राष्ट्र प्रगति की और निरंतर बढ़ते हुए उपलब्धि की नई ऊँचाइयों को प्राप्त किया जा सके। छह से चौदह वर्ष की आयु के बीच के अपने बच्चे बच्चों को शिक्षा के अवसर प्रदान करना । उक्त कार्यक्रम में छात्र/छात्रओं द्वारा चित्रकला प्रतियोगिता में संविधान विषय पर बनाये गये चित्रों का न्यायाधीश द्वारा सराहा गया तथा छात्रओं द्वारा संविधान के बारे में अपने उदबोधन दिये ।
उक्त शिविर में मंच संचालान शिक्षिका समीक्षा रघुवंशी द्वारा किया गया । शिविर में विद्यालय के शिक्षक सहित छात्र/छात्राए मौजूद रही ।



