पुत्र ने पिता की बंदूक से मां के सीने में मारी गोली, उतारा मौत के घाट

हत्यारे ने खुद बुलाई फोन कर पुलिस, बेटे का आरोप मां प्यार नहीं करती थी
रिपोर्टर : तारकेश्वर शर्मा
टीकमगढ़। मां कभी भी अपने पुत्र से नफरत नहीं कर सकती है, लेकिन पुत्र मां से जरूर नफरत की हदें पार कर सकता है। जी हां ऐसा ही एक मामला टीकमगढ़ जिला मुख्यालय में सामने आया है जहां नाबालिग पुत्र ने अपनी ही मां को पिता की लायसेसी बंदूक से गोली मारकर मौत की नींद हमेशा-हमेशा के लिए सुला दिया। जिसके बाद आरोपी ने स्वयं ही पुलिस को डायल हंड्रेड पर फोन लगाकर बुला कर जानकारी दी।
बालक का आरोप है कि मां बात-बात पर मारती थी। वह मुझे प्यार नहीं करती थी। यही कारण था कि वह परेशान रहता था। पिता पेशे गार्ड है, जिसकी लायसेशी बंदूक से ही अपनी 40 वर्षीय मां को मंगलवार की दोपहर मौत के घाट उतार दिया। बताया जाता है कि पिता ने तीन शादियां की थी। दो बीबियों से बच्चे नहीं होने के बाद तीसरी शादी की थी यह बालक भी तीसरी पत्नी का ही है।
इस संबंध में टीकमगढ़ की अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सीतारम ने मीडिया को बताया कि पूछताछ में बेटे ने बताया है कि मां प्यार नहीं करती थी। वह आए दिन मारपीट करती थी, जिससे परेशान होकर उसने हत्या कर दी। नाबालिग का एक बड़ा भाई भी हैं, जो इंदौर में पढ़ाई करता है।



