मध्य प्रदेश
गर्म पानी की बाल्टी में गिरा चार साल का बच्चा, हुई मौत

रिपोर्टर : तारकेश्वर शर्मा
इंदौर। इंदौर में चार साल के मोहम्मद हसन की जलने से मौत हो गई। हसन ने बाथरूम में साबुन पर पैर रख दिया था, जिससे वह फिसलकर गर्म पानी से भरी बाल्टी में गिर गया था। सदर बाजार थाना पुलिस के मुताबिक, भिस्ती मोहल्ला निवासी मोहम्मद शाहिद ने बेटे मोहम्मद हसन को 27 जनवरी को गंभीर अवस्था में भर्ती करवाया था।
मो. शाहिद का फैब्रिकेशन का व्यवसाय है। उसने पुलिस को बताया कि पत्नी रुखसार बी ने नहाने के लिए गर्म पानी की बाल्टी रखी थी। मोहम्मद हसन हाथ धोने के लिए बाथरूम में गया और साबुन पर पैर रखते ही फिसल गया। गर्म पानी की बाल्टी पर गिरने से वह काफी झुलस गया था। उसे गंभीर अवस्था में अस्पताल में भर्ती कराया गया था, लेकिन शनिवार सुबह 8 बजे उसकी मौत हो गई।



