धार्मिकमध्य प्रदेश

गौरीदंत धाम : यहां मां गौरी की पाषाण प्रतिमा करीब सात सौ फीट ऊंची पहाड़ी पर विराजित

रिपोर्टर : हरिकांत विश्वकर्मा
देवरी । सागर जिले के सिद्व क्षेत्र रानगिर के जंगलों के रास्ते जाने पर करीब 5 किमी दूर दक्षिण वन मंडल परिक्षेत्र में प्रकृति की गोद में स्थित है गौरीदंत धाम। यहां मां गौरी की पाषाण प्रतिमा करीब सात सौ फीट ऊंची पहाड़ी पर विराजित है।
मंदिर के आसपास शिलालेख-
दुर्गम रास्ता होने के बाद भी यहां भक्तों का तांता लगा रहता है। मंदिर के आसपास शिलालेख हैं जो आज भी इतिहासकारों की जिज्ञासा का विषय बने हुए हैं। इन्हें देखने से ये प्रतीत जरूर होता है कि यह क्षेत्र काफी पुराना है। करीब 20 वर्षो से यहां माता की पूजा करने वाले भक्त बताते है कि बचपन से इस क्षेत्र को ऐसे ही देखा है। मेरे पूर्वज यहां पूजा करते थे और अब ये दायित्व मुझे मिला है।
कैसे पड़ा गौरी दंत नाम-
माता पार्वती जब सती हुई तो भगवान शंकर शोक में डूब गए। वे उनका शव लेकर तीनों लोकों में घूमते रहे। शिव को इतना शोक में डूबा देखकर भगवान विष्णु ने सोचा कि इस तरह शिव का शोक में डूबना संसार के लिए उचित नहीं। इसके बाद भगवान विष्णु ने सुदर्शन चक्र चलाकर माता पार्वती के शव को नष्ट किया। इस क्षत-विक्षत शव का एक दांत यहां गिरा जिसे गौरी दंत कहा जाना लगा। आज यह माता के शक्ति पीठ के रूप में पूजा जाता है।
रहस्यमयी गुफा एवं बौद्ध स्तूप-
गौरीदंत की पहाड़ी पर मंदिर के सामने पहाडी के बीच में से एक रहस्यमयी गुफा का रास्ता गया है जिसमें अंदर प्रवेश के लिए दो लोहे कि सीढियां लगाई गई हैं लेकिन आज भी यह गुफा अबूझ बनी हुई है। यहां हनुमान जी कि प्रतिमा भी स्थापित है जिसके ठीक बाजू से एक और संकरा रास्ता नीचे कि ओर जाता है। वही रहने वाली एक महिला ने बताया कि आज तक इस गुफा में कोई नही पहुंच सका जिसने भी अंदर जाने कि कोशिश कि वह कभी वापस नही लौटा|
गुफा में मार्कण्डेय मुनि ने की तपस्या-
पहाड़ों के बीच में बनी यह गुफा लोगों में चर्चा का विषय है ऐसा माना जाता है कि आज भी वहां मातारानी की प्रतिमा है और इसी गुफा में मार्कण्डेय मुनि ने तपस्या की थी। पहाड़ी के ऊपर बौद्ध स्तूप एवं पाली लिपि में शिला लेख हैं। मंदिर के पीछे कामदेव एवं रति कि प्रतिमा स्थित है जो यहां कि ऐतिहासिकता का प्रमाण हैं। गौरीदंत सिद्ध क्षेत्र का यदि विकास किया जाये तो यह भी एक धार्मिक पर्यटक स्थल विकसित हो सकता है।

Related Articles

Back to top button