मध्य प्रदेशव्यापार

वाहन चालकों ने टैक्स वसूली के विरोध में टोल नाके के पास किया प्रदर्शन, सड़क पर आधा घंटे लगा रहा जाम

वाहन चालक बोले – स्थानीय क्षेत्र में वाहन चालक नही देंगे टोल
रिपोर्टर : रीना विनोद मालवीय
गैरतगंज । भोपाल सागर मुख्य सड़क मार्ग पर दोबारा शुरू किये गए टोल नाके में स्थानीय वाहन चालकों से टोल टैक्स की वसूली के विरोध में शुक्रवार को स्थानीय वाहन चालक संघ द्वारा टोल टैक्स के पास प्रदर्शन शुरू किया गया। जिसके चलते लगभग आधे घंटे तक मुख्य सड़क मार्ग पर जाम लग गया। प्रदर्शन के दौरान स्थानीय वाहन चालक टोल नही देने की बात पर अड़े रहे।
स्थानीय क्षेत्र में टोल टैक्स वसूल न किए जाने की मांग कर रहे वाहन चालक संघ द्वारा शुक्रवार को भोपाल सागर मुख्य सड़क मार्ग पर प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शन के दौरान देखते ही देखते सड़क पर जाम की स्थिति निर्मित हो गई तथा टोल टैक्स नाके के दोनों ओर मुख्य सड़क मार्ग पर वाहनों की कतार लग गई। प्रदर्शन कर रहे वाहन चालक संघ द्वारा आरोप लगाया कि हाल ही में शुरू हुए टोल टैक्स कर्मियों द्वारा स्थानीय क्षेत्र में कम दूरी तय करने वाले स्थानीय मैजिक, ऑटो, लोडिंग जैसे अल्प कमाई करने वाले वाहनों से पूरा टैक्स वसूल किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि उनकी इस समस्या का हल कहीं से नहीं होने की दशा में उनके द्वारा यह प्रदर्शन किया जा रहा है। इस प्रदर्शन की सूचना मिलने और एसडीएम अभिषेक चौरसिया, एसडीओपी सुनील वरकड़े, तहसीलदार ब्रजेश सिंह, थाना प्रभारी महेश टांडेकर, नायब तहसीलदार नीरू जैन अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंच गए तथा प्रदर्शन कर रहे वाहन चालकों को समझाइश देकर जाम को खत्म कराया। अधिकारियों ने वाहन चालक संघ के प्रतिनिधियों से वार्तालाप किया। बाद में एमपीआरडीसी के अधिकारियों ने भी मौके पर पहुंचकर बात की। एसडीएम अभिषेक चौरसिया ने बताया कि स्थानीय छोटे वाहन चालकों से रियायत दिए जाने हेतु वाहनों की सूची मांगी गई है तथा सूची मिलने के बाद इस समस्या का स्थाई हल निकाला जाएगा।
यह है प्रमुख मांगे
शुक्रवार को हुए प्रदर्शन के दौरान वाहन चालक संघ के प्रतिनिधियों ने अपनी प्रमुख मांगे रखीं। जिसमें स्थानीय वाहनों से जो 8 किमी तक का सफर करते हैं, उनसे टैक्स वसूली न किया जावे। सिलवानी सड़क मार्ग पर ग़ैरतपुर चेक पोस्ट के नाम पर लगाया गए टोल को या तो बेगमगंज सड़क पर लगाया जावे या फिर स्थानीय वाहनों से सिलवानी मार्ग जाने पर वसूली न की जावे। टोल टैक्स कर्मियों द्वारा आए दिन की जा रही गुंडागर्दी के खिलाफ कार्रवाई की जावे। इन मांगों की पूर्ति नही होने पर वाहन चालक संघ ने आगामी समय मे विशाल आंदोलन करने की चेतावनी दी है।

Related Articles

Back to top button