पीपलखेड़ा के लोग शहरी होने के बावजूद गांव का दंश झेलने के लिए मजबूर
सैकड़ों आवेदन पर नहीं हुई समस्या हल ‘: रायसेन के वार्ड 1 नरापुरा वार्ड के में आने वाले पीपलखेड़ा के रहवासी रोड और बिजली समस्या से परेशान
रिपोर्टर : शिवलाल यादव
रायसेन । नगर पालिका परिषद क्षेत्र नरापुरा वार्ड 1 के अंतर्गत आने वाले पीपलखेड़ा के निवासी भारत देश की आजादी के 7 दशक से ज्यादा समय गुजर जाने के बावजूद बिजली और सड़क की समस्या से जूझ रहे हैं। जबकि यह एरिया नगरपालिका के सीमा क्षेत्र में आता है। सैकड़ों बार यहां के रहवासियों नगर पालिका और कलेक्ट्रेट कार्यालय पहुंचकर अपनी रोड और बिजली और पानी वकी समस्या को लेकर गुहार लगा चुके हैं। बावजूद आज तक इनकी समस्या का हल नहीं हो पाया है। विदिशा सीट के भाजपा सांसद रमाकांत भार्गव, स्वास्थ्य मंत्री डॉ प्रभुराम चौधरी और जिला पंचायत अध्यक्ष यशवंत बबलू मीणा, नपाध्यक्ष सविता जमना सेन नेतृत्व कर रहे हैं। इसके बावजूद मूलभूत सुविधाओं के लिए मोहताज हैं। गांव के इदरीश खान ने बताया कि पीपलखेड़ा में 30 से 35 परिवार निवास करते हैं।पर शाम होते ही इनके घर अंधेरे में डूब जाते हैं, वही रास्ता कच्चा होने के कारण बारिश में चारपाई पर मरीज को रोड तक लाना पड़ता है। कई नपाध्यक्ष पार्षदों सहित मंत्रियों से भी इनके द्वारा अपनी समस्या हल कराने की गुहार लगा चुके हैं। परन्तु अब तक इन लोगों की समस्या का हल नहीं हो पाया है। यह अपनी समस्या लेकर प्रत्येक मंगलवार कलेक्ट्रेट में होने वाली जनसुनवाई में पहुंचते हैं, पर इनको हर बार आश्वासन ही मिलता है।



