मध्य प्रदेश

पहाड़ी से मुरम खोदकर रातोंरात किया जा रहा परिवहन

घुघरा ग्राम पंचायत का मामला, पंचायत ने दीवार से सटी मुरम हटाने की ली हैं अनुमति, हरे भरे पेड़ पौधों को भी उजाड़ा, अनुमति के विपरीत की जा रही खुदाई
रिपोर्टर : सतीश चौरसिया
उमरियापान | उमरियापान के समीप घुघरा गांव में बीते तीन दिनों से पंचायत भवन के बाजू से लगी पहाड़ी में मुरम का खनन जारी है। यहाँ सरपंच पति प्रहलाद सोनी के द्वारा मुरम की खुदाई कराकर डंपरों से दूसरों गांवों में परिवहन कराया जाता है। ग्रामीणों ने विभागीय अधिकारियों से शिकायत कर सरपंच पति पर मनमानी का आरोप लगाया है। ग्रामीणों का कहना है कि ग्राम पंचायत अनुमति ली हैं तो दिनदहाड़े खुदाई करें, देररात में मुरम की खुदाई कर परिवहन कराया जाता है।
हासिल जानकारी के मुताबिक घुघरा में ग्राम पंचायत भवन क्षतिग्रस्त न हो, इसके लिए पंचायत भवन से सटी पहाड़ी की मुरम अलग करने की अनुमति ग्राम पंचायत ने नायब तहसीलदार उमरियापान से लिया। अनुमति लेने के बाद सरपंच कौशिल्या सोनी के पति प्रहलाद सोनी के द्वारा मुरम का खनन कराकर दो से ढाई हजार रुपये में डंफरो से दूसरे गांवों में विक्रय किया जाता है। ग्रामीणों ने इसकी शिकायत अधिकारियों से करते हुए बताया कि ग्राम पंचायत ने अनुमति जरूर लिया,लेकिन मुरम का खनन देररात शुरू होता है। रात को ही मुरम दूसरे गांवों में बेच दी जाती है। ग्रामीणों ने बताया कि गांव में कई जगह गढ्ढे हैं। मुरम डालकर गड्ढों को पूरा जा सकता है, लेकिन ग्राम पंचायत के द्वारा जनहित के कार्य नही कराए जाते हैं।पहाड़ी में हरे भरे पेड़ पौधें भी लगे है। रात के समय हो रही खुदाई में पेड़ पौधों को भी उजाड़ दिया गया है।ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि प्रशासन की अनुमति के विपरीत कार्य किया जा रहा है। जिसकी शिकायत ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन नंबर पर भी किया है।
इस संबंध में संदीप सिंह, नायब तहसीलदार उमरियापान का कहना है कि पंचायत भवन क्षतिग्रस्त न हो, इसके लिए दीवार से सटी पहाड़ी की मुरम को हटाने की अनुमति दी गई है। मुरम खोदकर दूसरे गांवों में बेची जाती है, यह गलत है। परिवहन करने की अनुमति नहीं है। परिवहन होने पर कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Back to top button