राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ का नगर में निकला पथ संचलन, जगह जगह हुआ स्वागत
सिलवानी । रविवार को सिलवानी नगर में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ का पथ संचलन निकाला गया। अनुशासन बद्ध होकर युवा, बाल स्वयंसेवक सधे कदमो से नगर में कदमताल करते निकले तो हर कोई उनका अनुशासन देख आश्चर्यचकित हो गया। जगह जगह पुष्पवर्षा कर स्वागत किया गया। संचलन से पूर्व 3 बजे उत्कृष्ट विद्यालय प्रांगण में, स्वस्तिक के रूप में एकत्रिकरण हुआ। मुख्य अतिथि प्रांत धर्म जागरण प्रमुख जितेंद्र जी राठौड़ थे। बोद्धिक आनंद जी ठाकुर खंड संचालक ने दिया। उन्होंने कहा कि हमारे हर कार्य में राष्ट्रभाव होना चाहिए। राष्ट्र भाव का जागरण करें। राष्ट्र के बारे मे सोचे। अगर हम पढ रहे है तो हमारा पढ़ना राष्ट्र के काम आना चाहिए। स्वयंसेवक कदमताल करते नगर के मुख्य मार्ग गाधी चौराहा, पुराना बस स्टेण्ड, गांधी आश्रम, शिवाजी नगर, होली चौक, बुधवारा बाजार, सरस्वती नगर, बजरंग चौराहा से उत्कृष्ट विद्यालय प्रांगण तक भ्रमण किया। संचलन का एकत्रिकरण स्थल पर पहुंचकर समापन हुआ।
पथ संचलन में बडी संख्या में स्वयंसेवकों ने सहभागिता की। पथ संचलन में स्वयंसेवक घोष की ताल पर कदम से कदम मिलाकर चल रहे थे पूर्ण गणवेश में स्वयंसेवकों को देखकर पथ संचलन देखने के लिए सड़क के दोनों ओर लोग खड़े होकर स्वयंसेवकों का रंगोली बनाकर, पुष्प वर्षा के साथ लोगों ने जगह-जगह स्वागत किया।
इस दौरान एसडीओपी अनिल मौर्य, थाना प्रभारी डी पी सिंह, तहसीलदार सहित पुलिस बल मौजूद रहा।



