चुनाव में लगी ड्यूटी तो शिक्षकों ने किया स्कूल बंद, बच्चे परेशान
शासकीय माध्यमिक शाला हिनौतिया का मामला
सिलवानी। मध्यप्रदेश विधानसभा चुनाव 2023 में अपनी डियूटी चुनाव में बताकर शिक्षक स्कूल बंद कर मौज कर रहे है। शनिवार को ब्लाक के संकुल केन्द्र सियरमऊ अंतर्गत शासकीय माध्यमिक शाला हिनौतिया का मामला प्रकाश में आया। जहां संस्था में पदस्थ तीन शिक्षक एवं दो अतिथि शिक्षक दोपहर 2 बजे स्कूल में ताला लगाकर स्कूल के सूचना बोर्ड पर चुनाव आदेष लेने हेतु समस्त शिक्षक जा रहे है संकुल केन्द्र सियरमऊ, समय 2ः30 बजे स्कूल बंद किया है। यह लिखकर चले गये।
यह मात्र उदाहरण है इस तरह ब्लाक के कई स्कूलों के शिक्षक चुनाव में अपनी डियूटी बताकर संस्था से नदारत रहते है और अपनी खेती किसानी और व्यवसाय करते नजर आते है। इस संबंध में जनपद शिक्षा केन्द्र में बात की गई तो बताया गया कि ऐसा कोई आदेश नहीं है कि स्कूल बंद करके चुनाव का आदेश लेने जाये। निर्धारित समय में स्कूल बंद होने के बाद आदेश प्राप्त किया जा सकता है। अब सबाल यह उठता है तीनों ही शिक्षकों की चुनाव डियूटी है तो अतिथि शिक्षकों की डियूटी कहां लगी थी जो स्कूल को बंद करके जाना पड़ा।
इस संबंध में जनपद शिक्षा केन्द्र सिलवानी की बीआरसीसी महजबी सिद्दीकी का कहना है कि हम तो खुद स्कूल गये थे स्कूल बंद था, दरवाजे और बोर्ड की फोटो लेकर आये है। नियमानुसार 4ः30 के पहले स्कूल बंद नहीं होना चाहिये। शिक्षको से बात की तो चुनाव डियूटी का बताया। सकुंल केन्द्र प्रभारी की सेक्टर में ड्यूटी है। वरिष्ठ कार्यालय के निर्देश पर आदेश लेने जा सकते है लेकिन सभी शिक्षक एक साथ स्कूल बंद करके नहीं जा सकते है।
एसडीएम प्रकाश नायक का कहना है कि मुझे आपके माध्यम से जानकारी मिली है। स्कूल बंद करके आदेश लेने गये है। अन्य शिक्षकों को स्कूल में उपस्थित रहना चाहिये। इसकी जांच कराई जायेगी, दोषी पाये जाने पर नियमानुसार कार्यवाही की जावेगी।



