मध्य प्रदेशहेल्थ

विश्व एड्स दिवस के अवसर पर की गई विविध जागरूकता गतिविधियां

ब्यूरो चीफ : भगवत सिंह लोधी
दमोह । विश्व एड्स दिवस के अवसर पर एच.आई.व्ही. (एड्स) रोकथाम के संबंध में सामुदायिक सहभागिता बढा़ने के उद्देश्य से जिला चिकित्सालय परिसर से जागरूकता रैली को मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. सरोजिनी जेम्स बेक ने हरी झंडी दिखा कर रवाना किया। इस अवसर पर एक कार्यशाला भी आयोजित की गई।
इस दौरान विशेष रूप से जिला विधिक सहायता अधिकारी रजनीश चौरसिया एवं जिला एड्स नोडल अधिकारी डॉ.गौरव जैन मौजूद रहे। जागरूकता रैली जिला चिकित्सालय परिसर से घंटाघर, बस स्टेण्ड होकर कीर्ति स्तम्भ से मानव श्रृंखला के रूप में तव्दील हुई। रैली में महाविद्यालयों के प्रतिनिधि बतौर व्याख्याता एवं छात्र.छात्राओं ने बड़े उत्साह के साथ एचआईव्ही (एड्स) से बचाव संबंधी संदेश आमजनों को तख्तियो के माध्यम से दिया। सुरक्षित व्यवहार अपनाने संबंधी नारे भी गुंजायमान होते रहें। इस अवसर पर बड़ी संख्या में शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, शासकीय कमला नेहरू कॉलेज, ओजस्विनी कॉलेज, सी.आई.सी.एम. कॉलेज के छात्र-छात्राएँ शामिल रही।
व्यक्ति लम्बी जिंदगी जी सकता है
विश्व एड्स दिवस के मौके पर जिला क्षय केन्द्र सभाकक्ष में एचआईव्ही (एड्स) से बचाव हेतु सामुदायिक सहभागिता बढाने की थीम पर आयोजित कार्यशाला में डॉ. जेम्स बेक ने कहा कि एचआईव्ही एक लाईलाज बीमारी है, लेकिन अब ऐसी दवाई आ गई है कि इस बीमारी के साथ भी व्यक्ति लंबी जिदंगी जी सकता है। जरूरत है संयमित दिनचर्या, पौष्टिक भोजन, नियमित रूप से दवाईयों का सेवन करने की। उन्होंने कहा एचआईव्ही (एड्स) से पीड़ित कोई भी व्यक्ति विभागीय टोल फ्री नंबर.1097 से जानकारी प्राप्त कर आवश्यक परामर्श भी ले सकता है। एचआईव्ही की जांच हेतु जिला चिकित्सालय एवं सिविल अस्पताल हटा में संचालित आई.सी.टी.सी. केन्द्रों में एचआईव्ही की जांच कराने की सुविधा निशुल्क है। कार्यशाला में मौजूद नर्सिंग छात्र-छात्राओ को जिला विधिक सहायता अधिकारी रजनीश चौरसिया द्वारा बताया गया कि एचआईव्ही संक्रमित मरीज के साथ भेदभाव, लांछन करने पर 3 माह से 2 वर्ष तक कारावास एवं एक लाख रूपये का जुर्माना अथवा दोनो का प्रावधान है।

Related Articles

Back to top button