विकसित भारत- विकसित मध्यप्रदेश, भोपाल से होगा लाईफ प्रसारण

जिले के नागरिकों को मिलेगी 282 करोड़ रुपये के 492 निर्माण कार्यों की सौगात
ब्यूरो चीफ : मनीष श्रीवास
जबलपुर । विकसित भारत- विकसित मध्यप्रदेश की अवधारणा के तहत आज गुरुवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी मध्यप्रदेश में लगभग 17 हजार करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का वर्चुअल लोकार्पण एवं शिलान्यास करेंगे । लोकार्पण एवं शिलान्यास का यह कार्यक्रम भोपाल के लाल परेड ग्राउंड में शाम 4 बजे आयोजित किया जायेगा । प्रधानमंत्री श्री मोदी इस कार्यक्रम में वीसी के माध्यम से जुड़ेंगे ।
विकसित भारत-विकसित मध्यप्रदेश की अवधारणा के अंतर्गत गुरुवार को जबलपुर जिले में भी 281 करोड़ 97 लाख रुपये की लागत के 492 निर्माण कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन होगा । निर्माण कार्यों के लोकार्पण एवं भूमिपूजन के लिये जिले में विधानसभा स्तर से लेकर, जनपद पंचायत, नगरीय निकाय एवं ग्राम पंचायत स्तर तक शाम 4 बजे कार्यक्रमों का आयोजन किया गया है । इन कार्यक्रमों में प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के संबोधन का लाइव प्रसारण होगा ।
जबलपुर जिले में निर्माण कार्यों के लोकार्पण एवं भूमिपूजन कार्यों में विधानसभा क्षेत्र बरगी में 15 करोड़ 13 लाख रुपये के 97 निर्माण कार्य, विधानसभा क्षेत्र पाटन में 15 करोड़ 21 लाख रुपये के 114 निर्माण कार्य, विधानसभा क्षेत्र जबलपुर उत्तर में 16 करोड़ रुपये के 56 निर्माण कार्य, विधानसभा क्षेत्र जबलपुर पश्चिम में 112 करोड़ 23 लाख रुपये के 11 निर्माण कार्य, विधानसभा क्षेत्र जबलपुर केंट में 20 करोड़ 05 लाख रुपये के 35 निर्माण कार्य, विधानसभा क्षेत्र पनागर में 37 करोड़ 97 लाख रुपये के 8 निर्माण कार्य तथा विधानसभा क्षेत्र सिहोरा में 15 करोड़ 31 लाख रुपये के 121 निर्माण कार्य शामिल हैं । इनके अलावा जबलपुर संसदीय क्षेत्र में 50 करोड़ 07 लाख रुपये के 29 निर्माण कार्यों का भी गुरुवार को लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया जायेगा ।



