जेठ ने बहू को जिंदा जलाया, इलाज के दौरान दम तोड़ा, जल्लाद जेठ फरार

सिरोंज के ग्राम गरेठा की घटना, आरोपित जेठ फरार, घटना के वक्त महिला का पति खेत पर गया था, पुलिस आरोपित की तलाश में जुटी।
रिपोर्टर : बलवीर सिंह रघुवंशी
विदिशा । मानवता को शर्मशार और दिल दहलाने वाली घटना एमपी के विदिशा जिले के सिरोंज कस्बे में स्थित ग्राम गरेठा से है।। शुक्रवार सुबह एक गर्भवती महिला को जिंदा जलाने का मामला सामने आया है। आरोप महिला के जेठ पर है। महिला को गंभीर हालत में भोपाल रेफर किया है, और इलाज के दौरान महिला की मौत हो गई, वहीं घटना के बाद से ही आरोपित जेठ फरार है। दीपनाखेड़ा थाना प्रभारी अनुजप्रताप सिंह बताया कि सुबह सूचना मिलने पर वह गांव पहुंचे, जहां 25 वर्षीय पूजा केवट अपने घर के आंगन में जली अवस्था में मिली। उसे सिरोंज अस्पताल भेजा गया, जहां से उसकी नाजुक अवस्था को देखते हुए उसे भोपाल रेफर कर दिया था जिसकी इलाज के दौरान मौत हो गई।
खेत पर गया था पति
जिस वक्त घटना हुई, तब महिला का पति वीरन केवट अपने खेत पर था। पूजा और उसकी सास कलाबाई घर में थीं। पूजा गर्भवती थी, कुछ ही दिनों में घर में किलकारियां गूंजने वाली थी, 9 घंटे इलाज के बाद दम तोड़ दिया। सास कला बाई ने ही पुलिस को बताया कि उसके बड़े बेटे यानी पूजा केवट के जल्लाद जेठ राजा केवट ने उसे पेट्रोल डालकर आग लगा दी और खुद भाग गया। घटना के वक्त पूजा घर से बाहर आंगन में चूल्हे पर खाना बनाने की तैयारी कर रही थी। वहीं सास कलाबाई बाहर बैठी हुई थी। पुलिस के अनुसार घटना सुबह 7 से 8 बजे के बीच की है।
घटना की वजह पता नहीं
थाना प्रभारी अनुज प्रताप सिंह के अनुसार अब तक इस घटना की वजह का पता नहीं चल पाया है। आरोपित जेठ राजा केवट घटना के बाद से ही फरार है। करीब 3 साल पहले उसकी पत्नी छोड़कर चली गई थी, तब से वह अकेला ही रह रहा था। पुलिस ने आरोपित राजा के खिलाफ धारा 307 के तहत केस दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।



