केन्द्रीय पुलिस बल के साथ पुलिस अधिकारियों ने किया फ्लैग मार्च

आधा दर्जन से अधिक गांवों में भ्रमण करके परिस्थितियों का जायजा
रिपोर्टर : सतीश चौरसिया
उमरियापान । लोकसभा चुनाव की आदर्श आचार संहिता को ध्यान में रखते हुए केंद्रीय पुलिस बल के बटालियन के साथ आज स्लीमनाबाद थाना क्षेत्र में पुलिस अधिकारियों एवं राजस्व अधिकारियों ने फ्लैग मार्च निकालकर भ्रमण किया। केंद्रीय पुलिस बल की टुकड़ी के साथ फ्लैग मार्च करते हुए अधिकारियों ने आधा दर्जन से भी अधिक ग्रामीण क्षेत्र का भ्रमण करके परिस्थितियों का जायजा लिया ।
फ्लैग मार्च के संबंध में जानकारी देते हुए स्लीमनाबाद थाना प्रभारी अखिलेश दहिया ने बताया कि चुनाव को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अभिजीत कुमार रंजन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉक्टर संतोष डेहरिया एवं स्लीमनाबाद एसडीओपी अखिलेश गौर के मार्गदर्शन में आज थाना स्लीमनाबाद के अंतर्गत आने वाले ग्राम स्लीमनाबाद, बंधी, धरवारा, पौनिया, संसारपुर, तेवरी, छपरा, कौडिया में फ्लैग मार्च किया गया । जिसमें थाना प्रभारी अखिलेश दाहिया व थाना स्टाफ के साथ तहसीलदार सरिता रावत, नायब तहसीलदार राजकुमार नामदेव एवं 34 बीएन एसएसबी वेस्ट बंगाल 719 ए इलेक्शन कंपनी के जवान मौजूद रहे ।



