क्राइम

भोपाल की युवती की मनाली में हत्या, बैग में शव ले जा रहा था दोस्त

सोशल मीडिया पर हुई दोस्ती, उसी के साथ पहुंच गई कुल्लू
भोपाल । दस दिन से घर से बिना बताए गई प्रदेश की राजधानी भोपाल की 24 साल की युवती की हिमाचल प्रदेश के मनाली में हत्या कर दी गई। सोशल मीडिया पर शाहपुरा के अजय नगर की शीतल पिता कैलाश कौशल ने हरियाणा (पलवल) के जिस विनोद ठाकुर से दोस्ती की। उसी ने हत्या की। वह शव बैग में भरकर खाई में फेंकने जा रहा था। मनाली में चेक प्वॉइंट पर कुल्लू पुलिस के हत्थे चढ़ गया। उसने आपसी विवाद में हत्या की बात कबूली है। कुल्लू के एसपी कार्तिकेय गोकुलचंद्रन ने हत्या व आरोपी की गिरफ्तारी की पुष्टि की है।
13 को होटल में रुकी, दो दिन बाद हत्या
नूतन कॉलेज से ग्रेजुएट शीतल 5 मई से बिना बताए घर से बाहर थी। परिजनों ने शाहपुरा पुलिस को सूचना दी थी। शीतल मनाली आई थी। गोंपा रोड पर एक होटल के कमरा-302 में सोशल मीडिया फ्रेंड विनोद ठाकुर के साथ 13 मई को चेक इन किया। 15 मई को चेक आउट करना था, लेकिन विनोद अकेला भारी- भरकम बैग लेकर निकला। इसमें युवती का शव मिला।
मनाली पुलिस ने बताया कि आरोपी युवती से मिलने भोपाल भी जाता था। दोनों के बीच मोबाइल पर भी लंबी बातचीत होती थी। यह खुलासा शीतल की हत्या के आरोप में गिरफ्तार किए गए विनोद ने शुरुआती पूछताछ में किया है। विनोद ने पूछताछ में ये भी बताया है कि वह और शीतल पहले भी एक बार कुल्लू, मनाली सहित हिमाचल प्रदेश के दूसरे टूरिस्ट प्लेस घूमने आ चुके हैं। 13 मई को दोनों दूसरी बार यहां आए थे। पुलिस आरोपी के बयानों को वेरिफाई कर रही है।
जांच में खुलासा हुआ है कि जिस होटल में दोनों ठहरे थे, उसमें सीसीटीवी खराब हैं। यही नहीं, होटल में दोनों की प्रॉपर एंट्री भी दर्ज नहीं की गई थी। होटल मैनेजमेंट की ओर से सिर्फ युवती का आधार कार्ड लेकर ही औपचारिकता पूरी की थी, जबकि युवक से दस्तावेज नहीं लिए गए।
युवती के पिता ऑटो चालक हैं। तीन भाई बहन में शीतल सबसे छोटी थी। उसकी भाभी ने बताया कि शीतल रिजर्व नेचर की थी। उसने कभी किसी लड़के के संबंध में कोई जिक्र नहीं किया। दोनों कैसे संपर्क में आए इसकी जानकारी भी नहीं है। आरोपी को वह पहले से नहीं जानती थी।

Related Articles

Back to top button