बेगमगंज में पानी की व्यवस्था को लेकर कलेक्टर ने दिए विशेष निर्देश, अधिकारियों की मेहनत ला रही रंग

ब्यूरो चीफ : शब्बीर अहमद
बेगमगंज । पिछले 6 दिन से लगातार नगर में पेयजल संकट गहराने से हाहाकार मचा हुआ है। जल संकट से निपटने के लिए नगर पालिका परिषद तो रात दिन जुटी हुई है लेकिन शासन का पीएचई विभाग एवं विद्युत विभाग असहयोग कर रहा है। पीएचई विभाग के लापरवाह अधिकारियों के कारण ग्रामीण अंचल में भी जल संकट गहरा गया है। चारों ओर पानी को लेकर इस समय त्राहि- त्राहि मची हुई है ।
नगर पालिका परिषद द्वारा टैंकरों के माध्यम से सभी 18 वार्डों में पेयजल पहुंचाते हुए लोगों को राहत देने की भरसक प्रयास किए जा रहे है लेकिन आज तक पर्याप्त पानी नहीं मिलाने से लोग संतुष्ट नहीं है।
उनका आरोप है कि केवल पीने और खाना बनाने को पानी मिल रहा है जबकि नहाने- धोने से लेकर अन्य व्यवस्थाओं के लिए भी पानी की आवश्यकता है ।
करीब साठ हजार की आबादी को पेयजल संकट से घिरे होने के कारण कलेक्टर अरविंद दुबे ने आनन -फानन में बैठक लेकर निर्देश दिए गए कि तत्काल नवीन 6 ट्यूबेल खनन कराने के साथ पुराने ट्यूबवेल फिर से चालू किए जाए ओर यदि कहीं कोई निजी ट्यूबवेल है, जिसमें पर्याप्त पानी है जनहित में उसका भी उपयोग जल सप्लाई के लिए किया जा सकता है।
कलेक्टर से निर्देश मिलने के बाद एसडीएम सौरभ मिश्रा एवं मुख्य नगर पालिका अधिकारी कृष्णकांत शर्मा एवं तहसीलदार एसआर देशमुख द्वारा पेयजल व्यवस्था के लिए मशक्कत शुरू कर दी गई है।
नगर पालिका परिषद द्वारा हाल ही में चार ट्यूबवेल खनन कराए गए हैं। जिनमें से तीन बोर में पर्याप्त पानी मिलाना बताया गया है जबकि एक बोर फेल हो गया है। इसके अतिरिक्त नगर के 20 पुराने ट्यूबवेल एवं कुछ कुएं भी चिन्हित किए गए हैं। जिनके माध्यम से नगर को बारिश होने तक पेयजल सप्लाई की जाएगी । वहीं समाजसेवियों जैन समाज के जिलाध्यक्ष पुष्पेंद्र जैन, नगर अध्यक्ष अक्षय सर्राफ, संदीप जैन, वाहिद पठान ग्रीनफील्ड गार्डन, मेहफूज खान मेजबान गार्डन, अजय जैन, अकरम पटेल सहित करीब 20 लोगों द्वारा एसडीएम से मिलकर अपने -अपने निजी ट्यूबवेल नगर में पेयजल सप्लाई के लिए उपलब्ध कराते हुए पेयजल संकट को देखते अपने स्वयं के ट्यूबवेल, कुओं से लोगों को पानी दिया जा रहा है ।
संकट की इस घड़ी में नगर पालिका परिषद के मुख्य नगरपालिका अधिकारी कृष्णकांत शर्मा, एसडीएम सौरभ मिश्रा, तहसीलदार एसआर देशमुख एवं नपाध्यक्ष संदीप लोधी तथा कुछ पार्षदगण जल्द से जल्द पानी की समस्या को दूर करने के लिए दिन-रात जुटे हुए है । सेमरी डैम पर अवैध रूप से करीब 200 विद्युत मोटर सिंचाई पंप के द्वारा मूंग की फसल की पिछले एक माह से सिंचाई की जा रही है। जिसकी बार-बार शिकायतों के बावजूद भी उस पर रोक नहीं लगी तो डैम में जलस्तर काम हो गया, जिसके कारण पेयजल संकट गहरा गया है। इस वर्ष जरूरत से ज्यादा किसानों ने मूंग की फसल की बुवाई की है । जिसके कारण सिंचाई मोटरों की संख्या 200 के ऊपर पहुंच गई। किसानों द्वारा डैम से बहुत ज्यादा पानी लिए जाने से जल संकट की स्थिति निर्मित हुई है।
यदि प्रशासन समय रहते इस पर ध्यान दे देता तो आज लोगों को जल संकट से नहीं जूझना पड़ता।
फिलहाल कलेक्टर अरविंद दुबे के द्वारा बेगमगंज नगर के पेयजल संकट को गंभीरता से लेते हुए विशेष ध्यान दिए जाने से लोगों में संकट निपटने की उम्मीद जागी है।
मुख्य नगर पालिका अधिकारी कृष्णकांत शर्मा ने बताया कि तीन ट्यूबवेल में पर्याप्त पेयजल निकाला है और भी व्यवस्थाएं जुटाए जा रही हैं जिससे एक-दो दिन में जल संकट दूर होने की संभावना है । नवीन दो ट्यूबवेल में पर्याप्त पानी होने के कारण इंटेकबेल पानी स्टोर किया जा रहा है । जिसे फिल्टर प्लांट में भेजेंगे और कल सुबह तक उसके माध्यम से जल सप्लाई शुरू की जाएगी। इसके अतिरिक्त एक ओर ट्यूबवेल को भी इंटेकबेल से जोड़ा जा रहा है ।एक माह के लिए पर्याप्त पानी देने की व्यवस्था की जा रही है। फिर बारिश होने के बाद डैम में पानी आने के बाद जल संकट की समस्या दूर हो जाएगी ।



