दुल्हा -दुल्हन पुलिस चौकी में धरने पर बैठे, पुलिस सुरक्षा में कराए फेरे

शिवपुरी । एमपी के शिवपुरी जिले के पिछोर थाना क्षेत्र की हिम्मतपुर पुलिस चौकी के सामने शनिवार की सुबह एक दूल्हा-दुल्हन ने घराती व बारातियों के साथ धरना दिया। यह धरना इसलिए दिया गया, क्योंकि रात में बारात निकलने के दौरान डीजे व आतिशबाजी की आवाज से मवेशी बिदकने पर पाल समाज के लोगों ने विरोध जताया तो दोनों पक्षों में मारपीट हो गई। पाल समाज के लोगों ने रात में ही बारातियों पर केस दर्ज करा दिया। सुबह जब मामला दर्ज होने की सूचना दूल्हा-दुल्हन को मिली तो उन्होंने स्वयं चौकी के सामने धरना देकर क्रॉस कायमी करवाई।
दतिया जिले के जिगना थाना क्षेत्र के उदगवां गांव से ब्रजेश जाटव की बारात शुक्रवार को शिवपुरी की पिछोर तहसील के सुजावनी गांव आई थी। रात में डीजे की धुन पर बाराती नाचते-गाते दुल्हन के घर की ओर बढ़ रहे थे। बारात जब गांव के पाल समाज के मोहल्ले से होकर गुजर रही थी, तभी गांव के लोगों ने डीजे बजाने व आतिशबाजी चलाने से यह कहते हुए रोका कि हमारे मवेशी बिदक रहे हैं। इसी बात पर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी के बाद जमकर मारपीट हो गई। इतना ही नहीं बारात में साथ चल रहे वाहनों की भी तोडफोड़ कर दी गई। इस दौरान दूल्हे के साथ भी खींचातानी करने के साथ ही किसी ने उस पर धूल-मिट्टी भी फेंक दी थी। पाल समाज ने रात में और बारातियों ने सुबह कराई कायमी रात में हुए झगड़े बाद गांव में तनाव की स्थिति निर्मित हो गई थी। इस बीच पाल समाज के लोगों ने रात में ही पिछोर थाना पहुंचकर ऑनलाइन दूल्हा पक्ष के खिलाफ मामला दर्ज करा दिया था। रात में एफआइआर होने की जानकारी दूल्हा-दुल्हन पक्ष को सुबह लगी। इसके बाद दूल्हा ब्रजेश जाटव एवं दुल्हन प्रियंका को लेकर बराती व घराती पुलिस चौकी पहुंचे और पाल समाज पर मामला दर्ज करने की मांग को लेकर धरना दिया। करीब दो घंटे तक चले धरने के बाद चौकी की पुलिस दूल्हा-दुल्हन पक्ष के कुछ लोगों को पिछोर थाने लेकर पहुंची और पाल समाज के लोगों पर एफआइआर की इसके बाद धरना खत्म हुआ।
पुलिस सुरक्षा में हुई बाद की विवाह की रस्में
धरने से हटने के बाद दूल्हा पक्ष ने सुरक्षा की मांग पुलिस से की थी। इसके बाद कुछ पुलिसकर्मियों की मौजूदगी में शादी की शेष रहीं रस्मों को पूरा किया गया। पुलिस ने पाल समाज के सज्जन सिंह पुत्र वीरसिंह की शिकायत पर शैलेन्द्र जाटव सहित अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज किया है। वहीं जाटव समाज के मनीष पुत्र अमान सिंह जाटव की शिकायत पर वीर सिंह पाल, जाहर सिंह पाल, जगभान पाल, संजीव पाल, मनोज पाल और गोलू पाल के खिलाफ मारपीट की धाराओं सहित हरिजन एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया।
इस संबंध में विनोद यादव, हिम्मतपुर चौकी प्रभारी का कहना है कि जाटव समाज के लोग चौकी पर ऑनलाइन एफआइआर की मांग पर थे, जबकि ऑनलाइन एफआइआर पिछोर थाने में दर्ज होती है। बाद में उन लोगों ने पिछोर थाने में पहुंचकर प्रकरण दर्ज कराया। पुलिस ने जांच शुरू कर दी हैं।



