Congres MLA टीकमगढ़ के घर असम पुलिस का छापा

बेटे शाश्वत सिंह पर दर्ज है धोखाधड़ी का मामला, 3 घंटे चली पूछताछ के बाद टीम रवाना
रिपोर्टर : मनीष यादव
टीकमगढ़ । टीकमगढ़ के कांग्रेस विधायक यादवेंद्र सिंह बुंदेला के ताल दरवाजा स्थित मकान पर बुधवार सुबह असम पुलिस ने छापेमार कार्रवाई की। सुबह 7 बजे से लेकर 11 बजे तक टीम ने उनके बंगले पर पूछताछ की। इस दौरान कांग्रेस विधायक यादवेंद्र सिंह बुंदेला मौजूद रहे। पूछताछ के बाद टीम रवाना हो गई है, लेकिन टीम के सदस्यों ने यह नहीं बताया कि आखिर क्या कार्रवाई की गई है।
इस मामले में कांग्रेस विधायक की ओर से भी अब तक कोई प्रतिक्रिया जारी नहीं की गई है। वे फिलहाल अपने बंगले पर ही है, लेकिन मीडिया को कुछ भी बताने से इनकार किया है। विधायक के घर छापेमार कार्रवाई की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में कांग्रेसी उनके बंगले पर इकट्ठा हो गए।
विधायक के बंगले से बाहर निकले अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष अनिल त्रिपाठी ने बताया कि पुराने मामले को लेकर असम पुलिस पूछताछ करने आई थी। उन्होंने भी यह नहीं बताया कि आखिर टीम में शामिल अधिकारियों ने किस बात को लेकर जांच की।
*बेटे पर धोखाधड़ी का आरोप*
कांग्रेस विधायक यादवेंद्र सिंह बुंदेला के बेटे शाश्वत सिंह पर 63 करोड़ रुपए की धोखाधड़ी का आरोप है। उनके खिलाफ आटोनामस काउंसिल घोटाले का एक मामला असम में चल रहा है। जिसमें शाश्वत सिंह सहित पांच आरोपी बनाए गए हैं। इस मामले में विधानसभा चुनाव से पहले असम पुलिस ने यादवेंद्र सिंह बुंदेला के घर छापेमार कार्रवाई की थी।
*दिल्ली की कंपनी में दर्ज कराई थी शिकायत*
शाश्वत सिंह बुंदेला के खिलाफ दिल्ली की सबरवाल ट्रेडिंग कंपनी प्राइवेट लिमिटेड ने शिकायत दर्ज कराई थी। यह मामला साल 2022 का है। इसी मामले को लेकर आज असम पुलिस ने एक बार फिर कांग्रेस विधायक के घर छापे मार कार्रवाई की। हालांकि अब तक यह खुलासा नहीं हुआ है कि विधायक के घर से टीम ने क्या-क्या जब्त किया है।



